नगर परिषद के कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे, सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

10/6/2020 2:48:04 PM

यमुनानगर/फतेहाबाद/बहादुरगढ़ (सुरेंद्र/रमेश/प्रवीण): नगर परिषद में लगे कर्मचारी एक बार फिर से आंदोलन की राह पर हैं। आज भूख हड़ताल कर कर्मचारियों ने अपने आंदोलन की हुंकार भर दी है। कर्मचारी आज से 3 दिनों के लिए भूख हड़ताल पर हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर मांगे नहीं मानी गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होगा। 



यमुनानगर नगर निगम के सामने नगरपालिका कर्मचारी संघ के सदस्यों ने सरकार विरोधी नारे लगाए। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार ने विभिन्न मांगे लागू करने का वादा किया था, लेकिन अभी तक उन मांगों के बारे में कोई परिपत्र जारी नहीं किया गया है। कर्मचारी नेता प्रवेश परोचा ने कहा कि कई दौर की बातचीत सरकार से हुई, सरकार ने आश्वासन भी दिए, लेकिन फिर अपने वादों से पीछे हट गई। 

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को 4000 रुपए जोखिम बता दिए जाने व कोरोना से मौत पर 50 लाख का बीमा किए जाने का वादा किया गया था। लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई भी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि नगर निगम में व नगर पालिकाओं में सरकार ने स्थाई कर्मचारियों की भर्ती की है। जिसका वह स्वागत करते हैं, लेकिन कुछ लिपिक पिछले 5 से 10 वर्षों से इन कार्यालयों में कच्चे कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे उन्हें निकालने की तैयारी की जा रही है जिसका नगरपालिका कर्मचारी संघ विरोध करता है। 



फतेहाबाद में नगर परिषद के कर्मचारी आज से 3 दिनों के लिए भूख हड़ताल पर हैं। तीन दिन तक लगातार कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी कुछ मांगे हैं जिनकों लेकर वे लगातार शासन और प्रशासन से बात कर रहे हैं, मगर शासन और प्रशासन उनकी मांगों को अनुसना करने में लगा है। अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो आने वाले दिनों वे अपने आंदोलन को तेज कर देंगे। नगर परिषद कर्मचारी संघ से जुड़े सतबीर सहारण ने बताया कि उनकी मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, नगर पालिका, परिषद में लगे कर्मचारियों को समायोजित करने सहित कुछ अन्य छोटी छोटी मांगे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं देती है तो आने वाली 24 तारीख को 24 घंटे के लिए वे भूख हड़ताल करेंगे और निकाय मंत्री अनिल विज का घेराव भी करेंगे। 

बहादुरगढ़ नगर परिषद के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। आज सुबह से ही बहादुरगढ़ नगर परिषद के कर्मचारी क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। यहां कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दिनों हरियाणा में क्लर्क भर्ती हुई थी। जिसके बाद नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगमों में करीब 540 पक्के क्लर्क भर्ती किये गए थे। वहीं इनके स्थान पर लंबे समय से काम करते आ रहे कच्चे कर्मचारियों को हटा दिया गया था। कर्मचारियों की मांग है कि सरकार कच्चे कर्मचारियों को हटाने की बजाए जनसंख्या के हिसाब से कर्मचारियों की नियुक्ति करे।

vinod kumar