नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, मानी गई सारी मांगे

10/15/2018 9:28:23 AM

बहादुरगढ़(प्रवीन धनखड़): बहादुरगढ़ नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आज 18वें दिन खत्म हो गई। भाजपा के मनोनीत पार्शद पाले शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू की थी। हड़ताल के 16वें दिन भाजपा विधायक नरेश कौशिक ने हड़ताली सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत कर समझौते का मसौदा तैयार किया था। उसी के तहत आज सुबह पाले राम ने अपना अहम छोड़ते हुये सफाई कर्मचारियों के बीच अपनी गलतियों के लिये माफी मांग ली है।

दरअसल, पाले राम शर्मा भाजपा विधायक नरेश कौशिक के करीबी है और उन्ही की बदौलत भाजपा सरकार ने उन्हे नगर परिषद में मनोनीत पार्षद बनाया था। 27 सितम्बर की शाम को अतिक्रमण हटाने के दौरान सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। भाजपा के मनोनीत पार्षद पाले ने कर्मचारियों को जातिसूचक शब्द कहे और गोली मारने की धमकी भी दी थी। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई। 

पुलिस ने उसी दिन पाले और उनके एक परिचित के खिलाफ एससीएसटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन उसके बावजूद पुलिस ने पाले को गिरफ्तार नही किया था। जिसके कारण सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गये थे। अब हड़ताल खत्म हो गई है और सफाई कर्मचारियों ने दो दिन में शहर को साफ करने की बात कही है।

Rakhi Yadav