सिविल अस्पतालों को मिलेंगे नए ए.डी.ए., डैंटल डिप्टी सिविल सर्जन, नए साल में भरे जाएंगे पद

1/2/2021 10:00:42 AM

जींद(जसमेर मलिक): जींद समेत प्रदेश के सभी जिलों के जिला मुख्यालय के सिविल अस्पतालों को नए साल में ए.डी.ए. और डैंटल डिप्टी सिविल सर्जन मिलेंगे। राज्यपाल ने इन पदों को मंजूरी दे दी है। नए साल में इन पदों को भरने की कवायद शुरू की जाएगी। अब तक प्रदेश के जिला मुख्यालय के सिविल अस्पतालों में ए.डी.ए. (सहायक जिला न्यायवादी) और डैंटल डिप्टी सिविल सर्जन के पद नहीं थे। डैंटल से जुड़े मामलों में डिप्टी सिविल सर्जन नहीं होने से स्वास्थ्य विभाग का काम प्रभावित हो रहा था। प्रदेश के डैंटल सर्जन काफी समय से सरकार से मांग कर रहे थे कि जिला मुख्यालय के सिविल अस्पतालों में डैंटल डिप्टी सिविल सर्जन के पद मंजूर किए जाएं।

इससे डैंटल सर्जनों को भी पदोन्नति का मौका मिलेगा। प्रदेश के जिला मुख्यालय के सिविल अस्पतालों में ए.डी.ए. के पद नहीं होने से भी कानूनी विवादों के निपटारे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भारी दिक्कत आ रही है। स्वास्थ्य विभाग के कोर्ट से जुड़े मामलों में स्वास्थ्य विभाग को वकीलों को मोटी फीस देनी पड़ती है। इसके अलावा कानूनी मसलों पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विशेषज्ञ कानूनी राय नहीं मिल पाती। काफी समय पहले सिविल अस्पतालों में ए.डी.ए. के पद मंजूर हुए थे लेकिन उन पदों को भरने से पहले ही रद्दी की टोकरी में डाल दिया गया था। अब प्रदेश के गवर्नर ने जिला मुख्यालयों के सभी सिविल अस्पतालों में डैंटल हैल्थ के डिप्टी सिविल सर्जन और ए.डी.ए. के एक-एक पद मंजूर किए हैं। 

21 डैंटल डिप्टी सिविल सर्जन, 21 फार्मासिस्ट, 21 ए.डी.ए. के पद हुए मंजूर 
गवर्नर ने प्रदेश में डैंटल डिप्टी सिविल सर्जन, फार्मासिस्ट और ए.डी.ए. के 21-21 पद प्रदेश के सभी जिलों के सिविल अस्पतालों के लिए मंजूर किए हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने आदेश जारी किए हैं। आदेशों में चरखी दादरी जिले को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी 21 जिलों के जिला मुख्यालयों के सिविल अस्पतालों में एक-एक ए.डी.ए., एक-एक डिप्टी सिविल सर्जन डैंटल और एक-एक फार्मासिस्ट के पद राज्यपाल द्वारा मंजूर किए जाने की बात कही है।

Isha