शहर में सफाई व्यवस्था बिगड़ी, जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर

12/22/2019 11:23:12 AM

अम्बाला शहर (कोचर): शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। नगर निगम प्रशासन शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए लाखों रुपए खर्च करता है लेकिन परिणाम शहरवासियों की उम्मीदों से परे हैं। शहर की सड़कों पर जगह-जगह गंदगी के ढेरों ने स्थानीय लोगों का जीना दूभर कर दिया है। निगम कर्मियों द्वारा रोजाना गंदगी नहीं उठाई जा रही है, जिससे गंदगी पर आवारा पशु मुंह मार रहे है। अगर शहर के मौजूदा हालातों पर नजर डाली जाए तो बांस बाजार के बीच में बनाए गए डंपिंग जोन का सबसे बुरा हाल है जहां कई-कई दिनों तक गंदगी ही नहीं उठाई जाती है। 

नगर निगम सफाई कर्मचारियों द्वारा शहर की कालोनियां, चौक-चौराहे, सड़क किनारे रखे कूड़ेदान व सरकारी संस्थानों से समय पर कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निगम की सफाई व्यवस्था केवल कागजों में ही हो रही है। शनिवार को पंजाब केसरी की टीम ने खुद शहर में कई जगहों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तो एक या दो नहीं बल्कि कई जगहों पर हालात बद से बदतर सामने आए।

Isha