पलवल में 3500 रुपए रिश्वत के साथ विजिलेंस के हत्थे चढ़ा कर्मकार कल्याण बोर्ड का क्लर्क

12/6/2022 6:36:25 PM

पलवल(दिनेश): हरियाणा भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के लिपिक को विजिलेंस विभाग ने 3500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया है। लिपिक की गिरफ्तार पलवल से की गई है। आरोपी लिपिक स्कॉलरशिप की राशि को निकालने की एवज में घूस की डिमांड कर रहा था।

 

विजिलेंस विभाग की टीम को पौंडरी निवासी किशन ने शिकायत देकर बताया था कि कर्मकार कल्याण बोर्ड में कार्यरत लिपिक गोकुल स्कॉलरशिप की राशि को निकालने के बदले 3500 रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने पर विजिलेंस विभाग ने निरीक्षक संतराम के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम के गठन के बाद मामले की जानकारी उपायुक्त को दी गई। इस पर कृषि एवं कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया।

 

टीम का गठन होने के बाद किशन सिंह ने विजिलेंस के कहने पर लिपिक गोकुल को 3500 रुपये जाकर दे दिए और टीम को इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी लिपिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के हाथ धुलवाने पर रुपयों में लगे रंग के कारण उसके हाथ लाल हो गए। टीम उसे गिरफ्तार कर अपने साथ फरीदाबाद विजिलेंस थाने ले गई। टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    

Content Writer

Gourav Chouhan