चौटाला परिवार की लड़ाई शांत करवाने को मुखिया के तौर पर आए बादल

11/12/2018 9:05:47 AM

चंडीगढ़(पांडेय): इनैलो में छिड़े सियासी संग्राम पर विराम लगाने के लिए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अब चौटाला परिवार के मुखिया की भूमिका में आ गए हैं। सूत्रों की मानें तो प्रकाश सिंह बादल ने फोन के जरिए अजय सिंह चौटाला और अभय सिंह चौटाला को समझाने का प्रयास किया है और उन्हें अपने घर बातचीत के लिए बुलाया है। बादल और चौटाला परिवार की दोस्ती जगजाहिर है। चौटाला परिवार के सभी लोग बादल का पूरा सम्मान भी करते हैं।

बताया गया कि अजय सिंह चौटाला किसी भी समय प्रकाश सिंह बादल से व्यक्तिगत मुलाकात कर सकते हैं। इनैलो की गोहाना रैली से चौटाला परिवार में उपजी कलह अब पार्टी के दोफाड़ होने तकपहुंच गई है। चौटाला परिवार के करीबी हरियाणा और पंजाब के राजनीतिक दलों के विभिन्न नेता व रिश्तेदार पिछले करीब एक माह से इस कवायद में लगे हैं कि पार्टी भले ही दोफाड़ हो जाए लेकिन परिवार अलग नहीं होना चाहिए। 

चौटाला परिवार के विवाद को खत्म करने के लिए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी आगे आ गए हैं। बादल ने दीपावली से अगले दिन अजय चौटाला, अभय चौटाला, दुष्यंत चौटाला व परिवार के अन्य सभी सदस्यों के साथ फोन पर बातचीत की थी।  सूत्रों की मानें तो बादल ने इस विवाद को खत्म करने के लिए अजय व अभय से बातचीत कर ली है। शनिवार से अटकलें लगाई जा रही थीं कि दोनों परिवारों का मुखिया होने के नाते प्रकाश सिंह बादल अजय व अभय को तलब कर सकते हैं।

 सूत्रों की मानें तो अजय सिंह चौटाला जल्द ही प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात कर सकते हैं। बादल अगर इस विवाद को सुलझाकर चौटाला परिवार को एक मंच पर ले आते हैं तो चौटाला परिवार के बाद इनैलो में भी फिर से एकजुट होने की संभावना बन पाएगी।

Rakhi Yadav