CM  व सांसद के दावे फेल, नहीं हटा मुरथल का टोल

12/5/2017 2:19:20 PM

सोनीपत(दीक्षित):सोनीपत के मुरथल में भिगान के पास टोल प्लाजा अब स्थायी हो चला है। करीब डेढ़ माह बाद भी टोल के टस से मस होने की संभावना नजर नहीं आ रही है। यह तब है जब सी.एम. मनोहर लाल इसे स्थगित करने व सांसद इसे हटवाने का दावा मीडिया के सामने कर वाहवाही लूट चुके हैं। इधर, टोल हटवाने का संकल्प लेकर बनाई समिति भी कुछ ज्यादा तीर नहीं मार पाई। अब केंद्रीय परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी से मिलने का समय करीब 15 दिन से मांगा जा रहा है, लेकिन समय मिल नहीं रहा। ऐसे में साफ है कि टोल फिलहाल नहीं हट रहा।

बता दें कि गत 21 सितम्बर को भिगान के पास टोल प्लाजा शुरू किया था, जिसके कारण पहले दिन से जाम की समस्या सामने आई थी। जाम में फंसे सांसद रमेश कौशिक ने दावा किया था कि उनकी केंद्रीय परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी से बात हो गई है और वह 15 दिन में टोल को हटवा देंगे। 15 नवम्बर को सांसद के दावे का अल्टीमेटम पूरा हो गया और टोल हटना तो दूर टोल के हटने के संकेत तक नहीं दिखाई दिए। उल्टे, टोल कंपनी ने यहां पर पक्के शैड बना दिए जिससे साफ हो गया कि टोल प्लाजा निकट भविष्य में हटने वाला नहीं है। सी.एम. मनोहर लाल ने सोनीपत प्रवास के दौरान पै्रसवार्ता में भिगान टोल प्लाजा को स्थगित व व पानीपत टोल को हटाने की बात कही थी। 

पहले सांसद फिर सी.एम. ने झूठ बोल किया गुमराह : दहिया
भिगान के पास टोल प्लाजा बैरियर को लेकर कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया ने सी.एम. पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहले तो सांसद रमेश कौशिक ने अब सी.एम. ने झूठ बोलकर लोगों को गुमराह किया है। सी.एम. को इस पर स्थिति साफ कर देनी चाहिए कि आखिर यह टोल हटेगा या नहीं। सी.एम. का कहना है कि गीता का कुरुक्षेत्र में जो उत्सव हुआ है, इससे शांति का संदेश पूरे विश्व में जाएगा लेकिन अचरज की बात यह है कि 3 साल से यह आयोजन करोड़ों रुपए खर्च कर किया जा रहा है और आज तक इसका संदेश हरियाणा में नहीं पहुंचा।

केंद्रीय मंत्री ने दी थी टोल हटाने की सहमति: कौशिक
उन्होंने केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने टोल हटाने पर सहमति दी थी लेकिन टोल हटने में देरी हुई है। वह प्रयास में लगे हैं। टोल हटने की सूचना मिलने के बाद ही वह अब कुछ कह सकते हैं।