शमशेर सुरजेवाला के निधन पर शोक जताने पहुंचे सीएम, कहा- हरियाणा ने खोया सुलझा हुआ नेता(VIDEO)

1/26/2020 8:49:33 PM

नरवाना (गुलशन): हरियाणा के पूर्व मंत्री शमशेर सिंह सुरजेवाला के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आज सुरजेवाला भवन पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय शमशेर सिंह सुरजेवाला को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।  इस अवसर पर उनके साथ जेजेपी विधायक रामनिवास सुरजखेड़ा व जींद के  विधायक कृष्ण मिड्ढा ने भी शोक प्रकट किया।

सीएम ने कहा कि शमशेर सिंह सुरजेवाला का निधन हरियाणा की राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है। हम परमात्मा से दुआ करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति दे। सुरजेवाला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि एक सुलझे हुए बड़े राजनेता को हरियाणा ने खो दिया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के पिता चौधरी शमशेरसिंह सुरजेवाला का जन्म नरवाना हलके के गांव सुरजाखेड़ा में 24 मार्च 1932 में हुआ था। बीती 20 जनवरी 2020 को शमशेर सिंह सुरजेवाला का दिल्ली में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। नरवाना में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। वह 6 भाइयों में सबसे बड़े थे। शमशेर सिंह ने पांच बार 1967, 1977, 1982, 1991 और 2005 विधानसभा चुनाव जीता। इसके अलावा 1992 से 1998 तक राज्यसभा सांसद रहे। 

Shivam