सीएम फ्लाइंग का हंटर: फरीदाबादमें गैस चोरी का पर्दाफाश...नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर FIR

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 07:01 PM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी):  हरियाणा में आपदा और अभाव के समय मुनाफाखोरी करने वालों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग स्क्वाड ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। फरीदाबाद के बडौली इलाके में टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक किरियाने की दुकान में चल रहे अवैध गैस कटिंग और रिफिलिंग के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

 
टीम जब मौके पर पहुँची, तो वहाँ का नजारा बेहद डरावना था। एक सामान्य सी दिखने वाली किरियाने की दुकान के भीतर करीब 5 से 10 गैस सिलेंडरों से अवैध तरीके से गैस निकालने और रिफिलिंग (गैस कटिंग) की प्रक्रिया चल रही थी। यह पूरा काम सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर किया जा रहा था, जो किसी भी समय एक भीषण विस्फोट या बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
 
सीएम फ्लाइंग की टीम ने मौके से भारी मात्रा में उपकरण और सिलेंडर बरामद किए हैं। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

 
छापेमारी टीम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों के साथ इस तरह की छेड़छाड़ न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। प्रशासन ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static