चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी शराब, KMP पर सीएम फ्लाइंग ने पकड़ा जखीरा
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 12:24 PM (IST)
सोनीपत ( सन्नी मलिक) : सोनीपत शहर में नगर निगम चुनाव के बीच अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए मुख्यमंत्री उडऩदस्ता (सीएम फ्लाइंग) ने खरखौदा क्षेत्र में शराब का जखीरा पकड़ा है। टीम ने कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस वे पर पिपली टोल प्लाजा के सामने बनी पार्किंग में खड़े एक ट्राला से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब को चावल के भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था,लेकिन इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग की टीम पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिरकार उनका विभाग क्या कर रहा है।

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस वे पर पिपली टोल प्लाजा के सामने बनी पार्किंग में पहुंचे तो वहां खड़े एक ट्राले पर चावल के भूसे से भरे बोरे लदे दिखाई दिए। शक होने पर जब टीम ने जांच शुरू की तो बोरियों के बीच शराब की पेटियां नजर आईं।
बोरियों के नीचे छिपा रखा था शराब का जखीरा
जांच के दौरान जैसे ही टीम ने ट्राले की गहन तलाशी शुरू की, चालक अपना बैग मौके पर छोडक़र भाग गया। इसके बाद अधिकारियों ने बोरियों को हटवाया तो नीचे विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ट्राले में 1280 पेटी शराब भरी हुई थी।अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अधिकृत बताई जा रही है। ऐसे में यह पता लगाया जाएगा कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था इसकी जांच की जा रही है।

पकड़े जाने के कार्रवाई पूरी होने के बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया ,उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री उड़न दस्ता टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई को है।अधिकारियों का मानना है कि चुनाव के दौरान शराब की अवैध आपूर्ति को रोकने के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित होनी चाहिए। टीम चालक व शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क और ट्राले के मालिक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।