सीएम फ्लाईंग ने किया फास्ट फूड की आड़ में शराब परोसने के खेल का भंडाफोड़

3/11/2023 4:49:42 PM

गुडग़ांव, (ब्यूरो): साइबर सिटी में फास्ट फूड सर्व करने की आड़ में शराब परोसने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इन पर लगाम लगाने में भले ही आबकारी विभाग नाकाम साबित हो, लेकिन सीएम फ्लाइंग इसमें मुस्तैदी दिखाते हुए इन अवैध अहातों का भंडाफोड़ किया है। सीएम फ्लाइंग ने दो अलग-अलग स्थानों पर रेड कर अहाता संचालक समेत चार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास अहाता चलाने का कोई परमिट नहीं था।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

दरअसल, सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-29 थाना व बादशाहपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से अहाते चल रहे हैं। यहां फास्ट फूड के नाम पर शराब परोसी जा रही है। इस पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर रेड की और सेक्टर-29 के चकरपुर एरिया में दीपक फास्ट फूड से संचालक दीपक केसरी व उसके सहायत अमर थापा को काबू किया जिनके पास शराब परोसने का कोई लाइसेंस नहीं मिला। वहीं, टीम ने बादशाहपुर क्षेत्र में चिनार होटल के पीछे बने अहाते पर रेड कर संचालक आनंद कुमार मिश्रा और कैशियर अजय कुमार को काबू कर लिया। इनके पास भी टीम को शराब परोसने का कोई लाइसेंस नहीं मिला।

 

साइबर सिटी में अवैध रूप से चल रहे आहते न केवल सरकार के रेवन्यू को नुकसान पहुंचा रहे है बल्कि आबकारी विभाग की कार्य प्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं। वहीं साइबर सिटी में अवैध रूप से आहाते किसकी अनुमति से चलाए जा रहे है पुलिस इस की जांच में जुट गई है।

 

Content Writer

Pawan Kumar Sethi