Action: बस अड्डे पर सीएम फ्लाइंग का छापा, चालक-कंडक्टरों में हड़कंप, 1.47 लाख का जुर्माना
punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 05:41 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : अवैध बस संचालन पर सख्ती दिखाते हुए सीएम फ्लाइंग की टीम ने शुक्रवार को बल्लभगढ़ बस अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि कई निजी बसें बिना परमिट मथुरा-आगरा मार्ग पर यात्रियों को ढो रही हैं। इससे जहां सरकार को राजस्व नुकसान हो रहा था, वहीं यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में थी।
उड़न दस्ते ने रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) की टीम के साथ संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान कई चालक और कंडक्टर सवारियां बिठाते हुए पकड़े गए। इससे चालकों और कंडक्टरों में हड़कंप मच गया।
टीम की पहली कार्रवाई में 5 बसें पकड़ी गईं। चालकों के पास कोई वैध परमिट न होने पर प्रत्येक पर करीब 21 हजार रूपये का चालान किया गया, जिससे कुल 1,05,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद 5 सितम्बर को दूसरी कार्रवाई में 2 और बसें पकड़ी गईं। दोनों पर 21-21 हजार रूपये का चालान कर कुल 42 हजार वसूला गया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 7 बसों पर 1 लाख 47 हजार रूपये का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान बस अड्डे पर हड़कंप मच गया और कई चालक तुरंत बसें लेकर फरार हो गए।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)