सड़क हादसे में सी.एम. मनोहर लाल के भाई गुलशन खट्टर घायल(VIDEO)

5/21/2018 10:59:35 AM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के भाई देर रात रोहतक के नजदीक एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए पी.जी.आई. स्थित ट्रामा सैंटर में भर्ती करवाया गया। देर रात करीब साढ़े 11 बजे तक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही थी। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा भाजपा के कई नेताओं ने भी देर रात गुलशन खट्टर का हालचाल जाना और पी.जी.आई. के डाक्टर्स को गंभीरता बरतने को कहा। 

जानकारी अनुसार गांव बनियानी से देर रात रोहतक शहर आते वक्त गुलशन खट्टर सड़क हादसे का शिकार होकर चोट खा बैठे। वह अपनी बाइक पर आ रहे थे तो भिवानी रोड पर शहर के बाहर जन सेवा संस्थान के पास दूसरी बाइक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में गुलशन के सिर में चोट लगी है। 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में घायल गुलशन खट्टर को समय पर कोई एम्बुलैंस उपलब्ध नहीं हो पाई लेकिन बाद में पी.जी.आई. के सीनियर डाक्टर्स की एक टीम ने वहां पहुंचकर गुलशन की सेहत का जायजा लेकर तमाम बंदोबस्त पुख्ता करवाए। इसी बीच जिला पुलिस के कुछ आलाधिकारी भी पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। 

बताया गया है कि जिस दूसरी बाइक से गुलशन की टक्कर हुई उसके चालक को भी मामूली चोट आई है। समाचार लिखे जाने तक इस घटना के बारे में कोई पुलिस केस दर्ज नहीं हुआ था।

Rakhi Yadav