खुद को सी.एम. का भतीजा बताने वाले का बेटा पहुंचा जेल

5/13/2018 7:39:09 AM

करनाल(विनीत): शहर में अपने आप को सी.एम. का भतीजा बताकर धाक जमाने वाले एक व्यक्ति के बेटे को पुलिस ने नाबालिगा से ब्लैकमेङ्क्षलग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। यह गिरफ्तारी भी तब हुई जब लोकल प्रशासन का सहयोग न मिलने पर पीड़िता के पिता ने सी.एम. मनोहर लाल को ई-मेल कर पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद चंडीगढ़ से आए फोन पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

शहर के ही एक व्यक्ति ने 5 मई को महिला थाने में शिकायत दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी को हिमांशु पुत्र बिट्टू खट्टर/परूथी ब्लैकमेल कर करीब 10 तोला सोना और पे.टी.एम. से 45 हजार रुपए ले लिए। वह लगातर बेटी को डरा-धमका कर उसे ब्लैकमेल कर रहा है। इसलिए उस पर कार्रवाई की जाए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार क्योंकि आरोपी का नाम सी.एम. के साथ जुड़ा था, इसलिए मामला दर्ज करने की जगह दोनों पक्षों में पंचायत के माध्यम से समझौता करने को कहा गया। इसके बाद पीड़िता का पिता इस मामले को लेकर भाजपा के कई बड़े नेताओं और पुलिस अधिकारियों के पास गया लेकिन एफ.आई.आर. दर्ज नहीं हुई। जिसके बाद पीड़िता के पिता ने ई मेल के माध्यम से पूरी जानकारी सी.एम. मनोहर लाल खट्टर को दी।

जिस पर सी.एम. के निर्देश के बाद अधिकारियों ने महिला थाने में ब्लैकमेलिंग के विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी से पीड़िता से लिए पैसों से खरीदी कार बरामद कर जेल भेज दिया। पीड़िता और आरोपी फेसबुक फ्रैंड थे। फेसबुक पर बातचीत के दौरान पीड़िता ने कोई ऐसा मैसेज कर दिया, जिसको लेकर आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहा था। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सी.एम. आरोपी के घर भी गए थे जिस कारण उसका भाजपा नेताओं और शहर में अच्छा रसूख था।
 

Rakhi Yadav