कुरुक्षेत्र में निजी अस्पताल का उद्घाटन कर शाहाबाद पहुंचे CM, 6 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

6/24/2017 12:53:56 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड):हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कुरुक्षेत्र में एक निजी अस्पताल की उद्घाटन करने पहुंचे। वहां उन्होंने एम.बी.बी.एस. स्ट्रीम की 150 सीटों के लिए दाखिले के सत्र की शुरूआत की। इसके बाद मुख्यमंत्री शाहाबाद शुगर मिल में पहुंचे जहां उन्होंने भाजपा सरकार को किसान हितेषी बताते हुए विकास कार्यों की झड़ी लगाई और 140 करोड़ की परियोजनाओ का शुभारंभ किया। उन्होंने विपक्षियों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार से पारदर्शी और अधिक नौकरी न मिली हो तो उनकी टांग के नीचे से निकल जाऊंगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को शाहबाद शुगर मिल के प्रांगण में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी द्वारा आयोजित शाहबाद विकास रैली को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर, सांसद राजकुमार सैनी, सांसद रत्न लाल कटारिया, राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा शुगर फैड के चेयरमैन चंद्रप्रकाश कथूरिया, विधायक पवन सैनी ने शाहबाद शुगर मिल में 60 केएलपीडी इथनॉल प्लांट, अंतर्राष्ट्रीय सिंथेटिक हॉकी सरफेस, किसान विश्राम गृह के अतिरिक्त वीआईपी सूटस व कान्फ्रेंश हाल, शाहबाद बराड़ा कालाआम्ब सड़क को अपग्रेड करने की परियोजना व कलसाना से मोहनपुर सड़क पर मारकंडा नदी के ऊपर बनने वाले पुल का शिलान्यास किया। सीएम ने गांव झांसा में मारकंडा नदी पर बने पुल, चम्मूकलां में महिला राजकीय कालेज, शाहबाद में राजकीय आईटीआई को अपग्रेड करने, बराड़ा रोड़ पर बाबा बंदा सिंह बहादुर द्वार बनाने, वाल्मीकि बस्ती में सामुदायिक केंद्र के लिए 30 लाख की राशि स्वीकृत करने व ठोल, शांति नगर कुरड़ी में 2 व्यायाम शालाएं खोलने की भी घोषणा की।

वहीं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रधान अशोक तंवर के सत्यग्रह पर तंज कसते हुए कहा कि सत्याग्रह तो किया अब अशोक तंवर सत्य बोलना भी शुरू करे।  किसानो की जमीन उनकी मर्जी के बिना अधिग्रहण नहीं होगी, फसल खराब पर हमने पिछली सरकारों से सबसे ज्यादा मुआवजा दिया और कुल 2400 करोड़ दे चुके हैं।