CM को पूरे हरियाणा में नहीं मिल रही सेफ सीट, जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वहां से हारेंगे: उदयभान

punjabkesari.in Sunday, Sep 01, 2024 - 12:04 PM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी और खुद सीएम नायब सैनी की सियासी जमीन खिसक चुकी है। इसीलिए वह पूरे प्रदेश में सेफ सीट ढूंढते फिर रहे हैं। सैनी पहले नारायणगढ़ से चुनाव लड़ते थे, लेकिन लोकसभा चुनाव में वो अपने गांव औऱ बूथ तक से भी भाजपा को जीत नहीं दिलवा पाए। यहां से भाजपा पिछला विघानसभा चुनाव औऱ लोकसभा सीट भी हार गई। इनकी पत्नी जिला परिषद मैंबर तक का चुनाव नहीं जीत पाई। अब मुख्यमंत्री विधानसभा चुनाव में जगह तलाशते फिर रहे हैं। कभी लाडवा की ओर भाग रहे हैं तो कभी करनाल की ओऱ। वे कभी भी टिकाऊ नहीं रहे। क्योंकि उन्हें खुद पता है कि जहां भी जाएंगे, वहीं से जरुर हारेंगे।          

उदयभान ने कहा कि सीएम नायब सैनी औऱ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडो़ली के विरोधाभाषी बयानों से भाजपाईयों की बौखलाहट और आपसी कलह साफ झलक रही है। एक तरफ बड़ोली कह रहे है कि सीएम लाडवा से चुनाव लड़ेंगे तो सीएम कह रहे है कि वे करनाल से लड़ेंगे। यानी भाजपा नेतृत्व के बीच आपसी भरोसे के साथ आपसी संवाद का भी भारी अभाव है। अंदरुनी कलह के चलते भाजपा पूरे प्रदेश की जनता में हंसी का पात्र बनकर रह गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कगा कि भाजपा ने करीब साढ़े 9 साल मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल खट्टर का नाम तक लेना छोड़ दिया है। मौजूदा मुख्यमंत्री भी सिर्फ खुद के दावों पर बात करते हैं और पूर्व मुख्यमंत्री का जिक्र तक करने से किनारा करते हैं। ऐसा लगता है कि पूर्व सीएम खट्टर से खुद भाजपा भी परेशान है, इसलिए उन्हें हरियाणा से बाहर भेज दिया गया है। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि भाजपा के भीतर किसी के पास भी बताने लायक कोई काम नहीं हैं।

कांग्रेस की सरकार में हर क्षेत्र में आगे बढ़ा हरियाणा

कांग्रेस कार्यकाल में जो प्रदेश प्रति व्यक्ति आय, निवेश और रोजगार में नंबर वन था, उसे भाजपा ने बेरोजगारी, अपराध और नशे में नंबर एक बना दिया है। इसीलिए जनता में भारी रोष है और वोटिंग का बेसब्री से इंतजार कर रही है। जबकि भाजपा नेता चुनाव से बचते भाग रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तक ने चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर चुनाव का नाम सुनते ही रोने "लगे थे और न लड़ने का ऐलान किया था। भाजपा के कई बड़े नेता खुद की सीट छोड़ कर यहां-वहां सेफ सीट ढूंढते घूम रहे हैं। भाजपा नेताओं की तमाम गतिविधियां बता रही हैं कि सरकार ने चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 70 से ज्यादा सीट जीत कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static