CM खट्टर का JBT को आश्वासन, 24 घंटे में किए जाएंगे नियुक्ति पत्र

4/23/2017 8:31:00 AM

चंडीगढ़ (संघी):मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि चयनित जे.बी.टी. की नियुक्ति पर रोक हटाने संबंधी ऑर्डर ज्यों ही पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट से राज्य सरकार को मिल जाएंगे। उसके 24 घंटे के अंदर नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। बेशक उन्हें डी.ई.ओ. ऑफिस में ज्वाइनिंग करवानी पड़े। चयनित जे.बी.टी. राज्य सरकार की ओर से हाईकोर्ट में उनकी सही ढंग से पैरवी करके नियुक्ति पर लगी रोक हटवाने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद करने के लिए आज यहां उनके आवास पर आए हुए थे। 

मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि अब उनको हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का ऐसा माहौल बनाना है कि प्रदेश के लोगों में अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने की होड़ लगे। उन्होंने कहा कि प्राइमरी स्कूल के बच्चे कोरी स्लेट के समान होते हैं, ऐसे में अध्यापकों की जिम्मेदारी उन्हें संस्कारित व शिक्षित करने की होती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने प्राइवेट स्कूलों के साथ मिलकर एक योजना बनाई है, ताकि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई व अन्य गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके।

हरियाणा हाऊसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का हमेशा से चयनित जे.बी.टी. अध्यापकों के प्रति सकारात्मक रुख रहा है जिसका परिणाम आज सबके सामने है। चयनित जे.बी.टी. अध्यापकों की ओर से पात्र अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, ज्योति भाटिया व अन्य अध्यापकों ने हाईकोर्ट में उनकी सही ढंग से पैरवी करके नियुक्ति पर लगी रोक हटवाने के लिए मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा का धन्यवाद किया। 

1177 टी.जी.टी. पदोन्नत
उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 1177 टी.जी.टी. अध्यापकों को बतौर पी.जी.टी. अध्यापक पदोन्नत कर दिया है। गत 1 जनवरी तक जिन योग्य टी.जी.टी. अध्यापकों का पी.जी.टी. अध्यापक के लिए पदोन्नति का केस बनता था, उन सभी अध्यापकों को पदोन्नत कर दिया गया है।