हिसार में रोड शो के दौरान सीएम खट्टर पर युवक ने फेंका काला तेल, गिरफ्तार(Video)

5/18/2018 7:50:26 AM

हिसार(विनोद सैनी): मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर पर उनके रोड शो के दौरान सिक्योरिटी इंतजाम को धत्ता बताते हुए एक युवक ने बेहद करीब से काली स्याही फैंक दी। स्याही के छींटों ने राज्यसभा सांसद डी.पी. वत्स सहित कई नेताओं के कपड़ों को भी दागदार कर दिया। घटना को अंजाम देने वाले युवक ने ताऊ देवीलाल अमर रहे के नारे भी लगाए। वहीं, रोड शो के दौरान ही राजगुरु मार्कीट के पास कुछ युवकों ने सी.एम. को काले झंडे भी दिखाए।

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवक आदमपुर के जाखोद खेड़ा का प्रवीन बताया जा रहा है। उसका आदमपुर के एक बड़े कांगे्रस नेता समेत कई राजनीतिक दलों से नाता रहा है।  मुख्यमंत्री खट्टर रोड शो को लेकर यहां पहुंचे थे। रोड शो की शुरूआत देवी भवन से होनी थी। 

लोक निर्माण विश्राम गृह से शाम करीब 5.30 बजे खट्टर देवी भवन पहुंचे। भवन में प्रवेश करने के बाद जब सी.एम. मंदिर की तरफ जा रहे थे तो एक युवक करीब आया तथा ताऊ देवीलाल अमर रहे के नारे लगाए। इससे पहले कि सिक्योरिटी कुछ समझ पाती युवक ने हाथ में ली हुई काली स्याही सी.एम. पर फैंक दी। स्याही फैंकते ही सी.एम. सिक्योरिटी के लोग हरकत में आए तथा युवक को वहीं दबोच लिया गया। बाद में पुलिस उसे थाने ले गई जहां उसने युवक ने खुद को जाखोद खेड़ा का प्रवीन बताया है। 

स्याही फैंके जाने से माहौल फीका हो गया तथा सी.एम. को तुरंत मंदिर परिसर स्थित एक कक्ष में ले जाया गया जहां सी.एम. ने अपना कुर्ता बदला। हालांकि पायजामा तथा जैकेट पर स्याही के दाग पूरे कार्यक्रम के दौरान दिखते रहे। सी.एम. के साथ चल रहे राज्यसभा सांसद डी.पी. वत्स समेत कई अन्य नेताओं के कपड़ों पर भी स्याही के निशान पड़ गए। स्याही के छींटे सी.एम. मनोहरलाल की आंखों में भी गए और वे कार्यक्रम के दौरान कई बार अपनी आंखें पोंछते हुए नजर आए। घटना के बाद जब वे कुर्ता बदल कर मंच पर आए तो आयोजकों ने इस कृत्य के लिए शर्मिंदगी भी जाहिर की। हालांकि सी.एम. ने इस घटना को नजरअंदाज करने का प्रयास किया।


 

Rakhi Yadav