गुरमीत राम रहीम के जेल से बाहर आने पर बोले CM खट्टर, चुनाव से पहले फरलो मिलना, महज संयोग

2/7/2022 2:11:32 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर मे कहा कि 2014 के बाद लगातार बीजेपी का ग्राफ बढ़ा है।  राज्य दर राज्य बीजेपी आगे बढ़ रही है उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कभी बीजेपी की सरकार नहीं बनी वहां भी हम सरकार बना रहे हैं।  हरियाणा में भी पिछले साढे़ सात सालों में हमारी सरकार विकास के काम कर रही है। राम रहीम को फरलो मिलने पर सीएम  ने कहा कि यदि उन्हें चुनाव से पहले फरलो मिली है, तो यह महज एक संयोग है। कोई भी कैदी अपनी फरलो के लिए 3 साल की एक तय सीमा के बाद ही आवेदन कर सकता है। उसके बाद प्रशासन समीक्षा कर उसकी फरलो पर निर्णय लेता है।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कुछ चीजें हमारे सिस्टम, हमारे कानून  और संविधान के हिसाब से चलती है। ये एक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया है। राम रहीम को फरलो मिलने पर उन्होंने कहा कि किसी भी आम कैदी का अधिकार है, कि वह बेल मांग सकता है। इसका चुनाव से कोई संबंध नहीं है।  

बता दें कि गुरमीत राम रहीम को साध्वी दुष्कर्म मामले में पंचकूला की अदालत में 25 अगस्त 2017 को पेश किया गया था। सीबीआइ की विशेष अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए सुनारिया जेल में भेज दिया था। 27 अगस्त को इस मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में ही सीबीआइ अदालत लगाई गई, जिसमें रामरहीम को 20 साल की सजा सुनाई गई। वहीं पत्रकार हत्‍याकांड में भी राम रहीम को दोषी करार दिया गया था। इसी दिन से रामरहीम जेल में सजा काट रहा है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Isha