हुड्डा के गढ़ में सीएम खट्टर ने दिखाए तेवर, ''बाप-बेटे की चौधर जनता को बर्दाश्त नहीं''

5/9/2019 8:39:38 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में तीखे तेवर दिखाए और हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हुड्डा पर जातिगत राजनीति के लिए प्रदेश को जलाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम हुड्डा को हरियाणा को जलाने का दोषी ठहराते हुए समाज के लिए कलंक बताया। उन्होंने कहा कि इन्होंने हरियाणा को कलंकित करने के साथ जाट समाज का भी नाम बदनाम किया।

मुख्यमंत्री ने चौधर लाने की बात पर तंज सकते हुए कहा कि ये किसी चौधर लाने की बात करते हैं, ये रिश्तेदारों, बिचौलियों व दलालों की चौधर लाना चाहते हैं, लेकिन आज प्रदेश में 2.50 करोड़ लोगों की चौधर है। इसलिए जनता को भी इन्हें सबक सिखाना होगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को सांपला में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाप-बेटे की चौधर को हरियाणा की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। इन्होंने मध्य हरियाणा को जलाने के साथ जाति-पाति का जहर घोलने का काम किया। राजनीति व हरियाणा के विकास में जाति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन लोगों ने झज्जर, सोनीपत, जींद व रोहतक को जलाने का काम किया और समाज के भाईचारे को तोड़ा। मुख्यमंत्री बोले कि हरियाणा को जाति विशेष के लोगों नहीं बल्कि यशपाल मलिक व राजकुमार सैनी जैसे लोगों की शह पर शरारती लोगों ने जलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इन सब की निंदा करते हैं।

हुड्डा के गढ़ में मुख्यमंत्री इतने आक्रामक दिखे कि नौकरियों में भ्रष्टाचार का ठीकरा भी पूर्व की कांग्रेस सरकारों के सिर फोड़ा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यदि 64 हजार नौकरियों में किसी ने रिश्वत ली है तो उसका नाम उजागर करें, उससे तुरंत वसूली की जाएगी। पूर्व सरकारों में राजनेताओं ने अपना घर भरने का काम किया और वंशवाद की चौधर को आगे बढ़ाया। अब वंशवाद की चौधरी खत्म हो चुकी है। संपत्ति विवाद होते ही नई पार्टियां बनती हैं और एक परिवारवाद ही चलता रहता है। मगर हरियाणा में अब परिवारवाद नहीं बल्कि स्वच्छ सुशासन है।

Shivam