उपहार में मिली महंगी वस्तुओं की नीलामी करेंगे CM खट्टर, बोले- समाज कल्याण के लिए देंगे रूपए

10/31/2022 4:19:34 PM

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तर्ज पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी भेंट में मिली कीमती वस्तुओं को नीलाम करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा दी जाने वाली कीमती वस्तुओं को नीलाम कर उसके बदले में आने वाली राशि को समाज कल्याण के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

 

उपहार में मिला था एक लाख रुपए का पेन, तभी लिया नीलामी का फैसला

 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरियाणा दिवस से एक दिन पूर्व पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कई बार लोग उन्हें स्नेह से कीमती वस्तुएं भेंट कर देते हैं, हालांकि वे कीमती गिफ्ट लेने के पक्ष में नहीं है। एक किस्सा साझा करते हुए सीएम ने बताया कि उन्हें एक बार किसी ने एक पेन गिफ्ट किया। बाद में उन्हे पता चला कि उस पेन की कीमत एक लाख रूपए है। इसके बाद उन्होंने यह फैसला लिया कि ऐसी कीमती वस्तुओं का इस्तेमाल वे समाज कल्याण के लिए करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इन उपहारों को नीलाम करेंगे। इसके बदले मिलने वाले रुपयों का इस्तेमाल प्रदेश सरकार के अलग-अलग राहत कोष में किया जाएगा। मनोहर लाल ने कहा कि ऐसा करने से उपहार देने वाले को भी खुशी होगी कि उसके द्वारा दी गई वस्तु का इस्तेमाल समाज के कल्याण के लिए किया जा रहा है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan