Womens Day Special: सीएम के पिटारे से महिलाओं के लिए निकले ये तोहफे, जानें बड़े ऐलान

3/8/2022 3:19:32 PM

चंडीगढ़: प्रदेश के सीएम और वित्त मंत्री का भी कार्यभार देख रहे मनोहर लाल मंगलवार को हरियाणा का बजट वर्ष 2022-23 पेश किया। वहीं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारीशक्ति के लिए भी कई ऐलान किए गए। बेटियों की शिक्षा के स्तर को बढ़ाने किए तीन नए सरकारी महिला कॉलेज खोलने की घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि भिवानी और सोनीपत जिले में ये सरकारी कॉलेज खोले जाएंगे, तांकि बेटियों को दूर शहरों का रुख न करना पड़े। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में रहने वाली महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 10 हजार स्वयं सहायता समूह बनाने का ऐलान किया गया है। सीएम ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।



राज्य स्तरीय सुषमा स्वराज पुरस्कार का ऐलान
सदन मेंं बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्व. सुषमा स्वराज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटी भारत की सभी बेटियों के लिए प्रेरणा थीं। उन्होंने कहा कि आज वे उनके नाम पर राज्य स्तरीय पुरस्कार की घोषणा करते हैं।  इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाम हासिल कर चुकी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और 5 लाख का इनाम दिया जाएगा।


महिलाओं को मिलेगा 3 लाख रुपए तक के आसान ऋण 
सीएम ने कहा कि हमारे लिए गौरव का विषय है कि इस गरिमापूर्ण सदन का प्रथम अध्यक्ष होने का गौरव एक महिला को प्राप्त है। शन्नो देवी हरियाणा विधानसभा की पहली अध्यक्ष बनीं थीं।  इसी तरह पहली महिला उपाध्यक्ष बनने का गौरव लेखवंती जैन को ही प्राप्त है। महिला उद्यमियों के लिए महिला मातृशक्ति उद्यमति योजना की शुरुआत करने की घोषणा की। सीएम ने 5 लाख रुपये से कम आय वाले परिवार की महिलाओं को 3 लाख रुपये तक के आसान ऋण, 3 साल के लिए 7 फीसदी की दर से ऋण देने का ऐलान किया। आंगनबाड़ी वर्कर्स, हेल्पर्स और अनुबंधित कर्मचारियों को 3 लाख रुपए बीमा कवर मिलेगा। 



यहां बनेगे महिला हॉस्टल 
सीएम ने प्रदेश में काम करने वाली महिलाओं के रहने के लिए महिला हॉस्टल बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह हॉस्टल फरीदाबाद, गुरुग्राम और पंचकूला शहर में बनेंगे, जिससे कामकाजी महिलाओं को रहने और खाने की परेशानियों से निजात मिल सकेगी।


1000 महिला पुलिस कर्मियों की होगी भर्ती 
2022-23 में 1000 महिला पुलिस कर्मियों की भर्ती करेगी। हरियाणा में 381 पुलिस स्टेशन व 357 पुलिस चौकियों में सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 21 साइबर पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Isha