छत पर बच्चों को पतंग उड़ाता देख खुद को नहीं रोक पाए सीएम खट्टर, थाम ली डोर

7/24/2020 9:18:06 PM

डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को योग करते, साइकिलिंग करते, दंड प्रहार करते और संतुलन के साथ हाथ छोड़कर मोटरसाइकिल चलाते हुए सभी ने देखा है, परंतु वह पतंगबाजी का भी शौक रखते हैं इसका उदाहरण कल उस समय देखने को मिला जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के रोहतक में दायित्व ग्रहण समारोह के बाद अपने घनिष्ठ मित्र और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के घर पहुंचे।



छत पर बच्चे पतंग उड़ा रहे थे, इसे देख मुख्यमंत्री का बचपन भी लौट आया और वह भी छत पर पतंग उड़ाने चढ़ गए। ग्रोवर के अलावा रोहतक के सांसद डॉ अरविंद शर्मा भी उनके साथ थे। पतंगबाजी के कला कौशल के साथ वो काटा का प्रदर्शन करके सबको चकित कर दिया। आज कल अपने विरोधियों को कलाबाजी देने में माहिर हो चुके मुख्यमंत्री ने पतंग को जिस तरह झोल दिलाए, आकाश में उड़ रही दूसरी पतंगों को काटा, लग ही नहीं रहा था कि कोई मुख्यमंत्री पतंग उड़ा रहा है। 

इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने एक किशोर को चरखी पकड़ना भी सिखाया। साथ ही उन्होंने अपने बचपन और युवावस्था की यादें ताजा की। वैसे मुख्यमंत्री ने कल अपने भाषण में खो खो का भी जिक्र किया और कहां था कि भाजपा में पद मिलना खो खो खेल के समान है, मुख्यमंत्री को पतंग उड़ाते देख आसपास के लोग भी छतों पर उमड़ आए और इन क्षणों को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।  

    

बच्चों से लिया फीडबैक   
राजनीति से इतर मुख्यमंत्री ने छत पर खेल रहे बच्चों से उनकी ऑनलाइन कक्षाओं और आजकल की दिनचर्या के बारे में भी फीडबैक लिया। छत पर सामान्य दिनचर्या के अनुसार खेल रहे बच्चे अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर हैरान रह गए। मुख्यमंत्री ने अपने चिर परिचित अंदाज के अनुसार सबसे पहले उनसे परिचय लिया फिर एक-एक कर उनकी कक्षा और ऑनलाइन पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। ऑनलाइन कक्षा के बारे में अनुभव सांझा किए, सुरक्षा के तामझाम से दूर मुख्यमंत्री ने अपनत्व की भावना के साथ लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाए। इसके साथ उन्होंने अपने समय की पढ़ाई की यादें भी सांझा की।
 

Edited By

vinod kumar