विधानसभा की नई परंपराओं पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘हरि सदन’ का CM मनोहर लाल ने किया विमोचन

punjabkesari.in Thursday, Nov 10, 2022 - 10:08 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा की 14वीं विधानसभा की नई परंपराओं और अभिनव प्रयोगों के 3 गौरवशाली वर्षों पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक हरि सदन का मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विमोचन किया। हरियाणा विधानसभा में आयोजित विमोचन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 3 गौरवशाली वर्षों के दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने जिस प्रकार सदन की कार्यवाही का संचालन किया, वह प्रशंसनीय है।

 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को 14वीं विधानसभा की नई परंपराओं और अभिनव प्रयोगों के 3 गौरवशाली वर्षों पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक हरि सदन का विमोचन किया।  इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच संतुलन बनाए रखना बहुत ही कठिन कार्य होता है। इसलिए जब कोई विधानसभा का अध्यक्ष बनता है तो सर्वप्रथम उसे अपनी मन स्थिति बदलनी होती है कि अब उन्हें पार्टी से ऊपर उठकर कार्य करना है, जिसे श्री ज्ञान चंद गुप्ता ने बड़ी बखूबी निभाया है। विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा का संचालन पूरी मर्यादा और संवैधानिक तरीके से किया है। उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों की विधानसभा के मुकाबले हरियाणा विधानसभा का संचालन बहुत ही व्यवस्थित ढंग से हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता विधानसभा में कई क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आए हैं। नई पहल करते हुए हरियाणा विधानसभा को ई-विधानसभा बनाया है। अभी फिलहाल पहले साल में दोनों तरीकों से विधानसभा की कार्यवाही चलेगी, लेकिन आगामी वर्षों में हरियाणा विधानसभा पूरी तरह पेपरलेस हो जाएगी। पेपरलेस विधानसभा का यह कदम अपने आप में बड़ा बदलाव है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में विधायकों के लिए भोजन की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 100 रुपये थाली की नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसके अलावा, सदन की कार्यवाही के समय में भी बदलाव किया गया है। अब सुबह 11:00 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होती है और सायंकाल तक विधायी कार्य पूरे होने तक चलती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा में एक और नया प्रयोग शुरू करते हुए विधायकों को विधायी कार्यों के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष को भी विशेष रूप से प्रशिक्षण देने के लिए यहां पर आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि इन 3 वर्षों में एक और नई परंपरा शुरू की गई। बजट सत्र के दौरान सदन में 4 दिन की छुट्टी रखी गई ताकि विधायक बजट को अच्छे से पढ़ सकें और इन 4 दिनों के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों विधायकों से सुझाव भी लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का नया भवन बनाने के लिए भी विधानसभा अध्यक्ष ने प्रयास किए हैं। भवन के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है और इसके लिए सहमति बन गई है। आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेस्ट एमएलए ऑफ-द-ईयर का चयन करने की अनूठी शुरुआत भी इन्हीं 3 वर्षों के कार्यकाल के दौरान की गई।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static