चंडीगढ़ में जुटेगा प्रदेश सरकार का विधायक दल, सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में होगी बैठक

6/30/2022 10:07:30 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को चंडीगढ़ में विधायक दल की एक बैठक होगी। इस बैठक में बीजेपी विधायकों के अलावा जेजेपी और सरकार समर्थित सभी निर्दलीय विधायक भी उपस्थित रहेंगे। यह बैठक खासतौर पर एनडीए गठबंधन की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए विधायकों के वोट को लेकर की जा रही है। खुद द्रौपदी मुर्मू चंडीगढ़ पहुंचकर सभी विधायकों से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर इससे पहले भी चंडीगढ़ में हरियाणा और हिमाचल के विधायकों की एक संयुक्त बैठक हुई थी। उस बैठक में भी दोनों राज्यों के विधायकों से द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट करने को लेकर समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर करवाए गए थे।

विधायकों से मिल कर वोट की अपील करेंगी द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू कल चंडीगढ़ आएगी। इस दौरान वे बीजेपी, जेजेपी और सरकार के सहयोगी निर्दलीय विधायकों से वोट की अपील करेंगी। द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री मनोहर लाल, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, हरियाणा के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी। इसी के साथ वे सभी से वोट की अपील करेंगी।

पंचायत चुनाव को लेकर भी हो सकती है चर्चा

माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार के विधायक दल की बैठक में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी चर्चा की जा सकती है। शहरी निकाय चुनाव के परिणाम से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी पंचायत चुनाव भी सिंबल पर लड़ सकती है। भाजपा की राज्य स्तरीय चुनाव समिति में बनने पर बीजेपी जिला परिषद का चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने का फैसला ले सकती है। हालांकि चंडीगढ़ में होने वाली बैठक में इसे लेकर कोई फैसला लेने की उम्मीद नहीं है। लेकिन माना जा रहा है कि इस प्रस्ताव को लेकर चर्चा जरूर हो सकती है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Vivek Rai