पाकिस्तान जा रहे पानी को रोकने के लिए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले सीएम मनोहर (VIDEO)

6/5/2018 10:38:10 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पाकिस्तान में जा रहे पानी को रोकने के लिए बांधों के निर्माण किए जाने के संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के संदर्भ में भी केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी को पुन: अवगत कराया गया है और केन्द्र इस संदर्भ में पंजाब से बातचीत करेगा। इसके अलावा, राजस्थान द्वारा तीन बरसाती नदियों- कृष्णा, दोहन व साहबी पर बांधों के निर्माण किए जाने के परिणामस्वरूप हरियाणा के दक्षिणी क्षेत्र में पानी की कमी होने की स्थिति बारे में हरियाणा ने केन्द्र को अवगत कराया है तथा इस बारे में भी केन्द्र सहयोग करेगा। वहीं, हरियाणा प्रदेश के दूसरे राज्यों से संबंधित पानी के विभिन्न विषयों के बारे में केन्द्र सरकार सहयोग भी करेगी।

इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री मनोहर ने बताया कि रेणुका, किसाऊ व लखवार बांधों के निर्माण कार्यो में गति लाने के लिए केन्द्र से अपील की गई है। इन बांधों के निर्माण से यमुना नदी में अधिक जल उपलब्ध हो सकेगा। विभिन्न अनापत्तियों के राजस्थान से संबंधित विषयों पर भी केन्द्रीय मंत्री से चर्चा हुई और केन्द्र सहयोग करेगा। 

एसवाईएल व बीएमएल हांसी-बुटाना ब्रांच से संबंधित विषयों के बारे में केन्द्र से चर्चा हुई। केन्द्र सरकार एस वाई एल के विषय को टेकअप करेगी। बीएमएल हांसी-बुटाना ब्रांच के संदर्भ में भी शीघ्र पंजाब के साथ हल निकलने की संभावना है। केन्द्र इस बारे में पंजाब से बातचीत करेगा।

दिल्ली को उसके हिस्से से अधिक पानी
मुख्यमंत्री मनोहर ने कहा कि हरियाणा द्वारा दिल्ली को उसको आबंटित हिस्से से 120 क्यूसेक पानी अधिक दिया जा रहा है। हालांकि हरियाणा द्वारा दिल्ली को इतनी मात्रा में यह पानी केवल 30 जून तक ही दिया जा सकेगा। इससे आगे की स्थिति पानी की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। 

Shivam