कर्नाटक में बीजेपी की जीत के बाद सीएम ने कांग्रेस को घेरा, हरियाणा में जश्न का माहौल

5/15/2018 4:08:09 PM

पंचकूला(उमंग): कर्नाटक में बीजेपी की जीत के बाद हरियाणा में भी जश्न का माहौल बना हुआ है। हरियाणा भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पंचकूला पार्टी कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ सीएम मनोहर लाल खट्टर का स्वागत किया। यहां सीएम मनोहर लाल ने कर्नाटक में मिली जीत के बाद कहा कि देश में 77 फीसदी से भी ज्यादा जगहों पर बीजेपी और उनके सहयोगी दलों की सरकार है। वहीं  सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कांग्रेस ढाई फीसदी पर सिमट गई है।

सीएम ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कांग्रेस पीपीपी मॉडल बन गई है और राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस की लुटिया डूबी है। पंजाब और पांडिचेरी में भी जब चुनाव आएगा तो कांग्रेस को हाथ धोना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के इस नतीजे के बाद कांग्रेस मुक्त भारत होने में कोई कमी नहीं बची है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आह्वान देश में पूरा हो रहा है।

उन्होंने राहुल गांधी के कर्नाटक में चुनाव प्रचार पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी थोथा चना बाजे घना की कहावत का पर्याय बने। जब तक राहुल गांधी कांग्रेस में बने रहेंगे कांग्रेस को कोई आगे बढ़ा नहीं सकता। राहुल गांधी पीएम बनने का सपना 2019 का नहीं 2024 में भी ना लें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीजेपी 70 से भी ज्यादा सीटों पर चुनाव जीतेगी। हम पहले भी आश्वश्त थे कर्नाटक में पार्टी की जीत ने और ज्यादा हमें आश्वस्त किया है।

वहीं सीएम ने कहा कि हरियाणा में चुनाव समय पर होंगे। इनेलो बसपा के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि गठबंधन का युग खत्म हो गया है। इनेलो बसपा का गठबंधन अप्राकृतिक है, जातिवाद की राजनीति करने वाले दल जब मिलेंगे तो कैसी राजनीति होगी यह सब जानते हैं।

Shivam