विशेष बिरादरी के 5 मुख्यमंत्रियों ने किया प्रदेश से भेदभाव : सैनी

12/23/2018 10:02:19 AM

अम्बाला(रीटा): हमारे देश को आजाद करवाने में कुछ ही लोगों का हाथ है, यदि वे लोग भी अंग्रेजों के तोपखानों से डर जाते तो हमारे देश को आजादी नहीं मिलनी थी। उक्त बात सांसद कुरुक्षेत्र व लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संरक्षक राजकुमार सैनी ने सोहना न्याय रैली में जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कही। इससे पूर्व सांसद ने सभी क्रांतिकारियों को नमन किया और इसके बाद हजारों कार्यकत्र्ताओं के साथ मिलकर रोड शो निकाला। उन्होंने देश के बारे में जिक्र करते हुए कहा कि हमारे देश के बाद आजाद हुए चीन, सिंगापुर व मलेशिया आज वे देश हमसे कहीं गुणा आगे हैं और हमारे देश में पिछड़ापन बनने की होड़ लगी हुई है। 

चौटाला पार्टी पर कटाक्ष करते हुए राजकुमार सैनी कहा कि आज यह लोग भ्रष्टाचार पर भाषण देते हैं, जबकि इन लोगों का पूरा कुनबा भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में पड़ा है, बाकी का कुनबा जेल में जाने को है और आज पिछले कर्मों की सजा ही यह परिवार भुगत रहा है। 

सैनी ने कहा कि विशेष बिरादरी के 5 मुख्यमंत्रियों ने इस तरीके से भेदभाव किया कि अपने 10 प्रतिशत लोगों को 55 प्रतिशत रोजगार व 90 प्रतिशत लोगों को 45 प्रतिशत रोजगार दिया जिससे सभी जगह भेदभाव फैला हुआ है लेकिन लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी की सरकार आने पर हम सभी मुद्दों को लागू करेंगे जिसमें एक परिवार, एक रोजगार, जनसंख्या के अनुपात में 100 प्रतिशत आरक्षण, हम दो हमारे दो, किसान को मनरेगा के साथ जोडऩा, राज्यसभा के नकली दरवाजे को बंद करना, दिव्यांगों वृद्धों को 5000 पैंशन, एस.वाई.एल. का पानी हिमाचल के रास्ते से हरियाणा तक पहुंचाया जाएगा।  

Deepak Paul