बैटरी इंडस्ट्रीज पर सी.एम. फ्लाइंग सहित 5 विभागों की रेड, मिली कई खामियां

4/9/2022 12:19:04 PM

कैथल: खनौरी रोड पुल के पास स्थित एक बैटरी के गोदाम पर सी.एम. फ्लाइंग की टीम सहित 5 विभागों ने संयुक्त रूप से रेड की है। गर्मी के मौसम को देखते हुए गोदाम में इन्वर्टर व बैटरियां बनाने का काम जोरों से चल रहा था। बताया जा रहा है कि फैक्टरी चलाने के लिए प्रदूषण बोर्ड और दमकल विभाग से अनुमति नहीं ली हुई थी। दोनों विभागों की तरफ से फर्म एवं फैक्टरी संचालक रेनु बंसल के नाम नोटिस जारी किया गया है।

आगजनी से बचने को लेकर भी फैक्टरी में कोई उपकरण नहीं लगाए हुए थे। इसके लिए फायर ब्रिगेड की तरफ से भी नोटिस दिया गया है। बिजली निगम से मीटर लिया हुआ था, वहीं जी.एस.टी. विभाग ने कागजातों की जांच शुरू कर दी है। करीब 4 महीने पहले ही नए नाम से फैक्टरी को शुरू किया गया था, लेकिन संबंधित विभागों से इसकी अनुमति नहीं ली गई थी। सी.एम. फ्लाइंग व सी.आई.डी. को सूचना मिली थी कि फैक्टरी बिना अनुमति के चल रही है। हालांकि उसके पीछे कुछ दूरी पर घर भी बने हुए थे अगर इस कार्य में कोई हादसा हो जाता तो काम करने वाले कर्मचारियों और आसपास के लोगों को नुक्सान हो सकता था। इसके अलावा भारी मात्रा में फैक्टरी के अंदर तेजाब भी मिला है। बताया जा रहा है कि तेजाब से कैंसर जैसी बीमारी होती है।  

Content Writer

Isha