गुरुग्राम वासियों को सीएम का तोहफा, कई परियोजनाओं का किया लोकार्पण

4/1/2022 5:51:36 PM

गुरुग्राम(मोहित/धरणी): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए गए अंडरपास, फलाईओवर के अलावा सिग्नेचर टावर व इफको चौक पर बने दो फुटओवर ब्रिज का लोकार्पण किया। उन्होंने इसी स्थान पर गुरुग्राम के सेक्टर-111 से 115 के लिए जल आपूर्ति वितरण प्रणाली का उद्घाटन भी किया। इन दोनो परियोजनाओं पर लगभग 63 करोड़ रुपये की लागत आई है। इससे 92 हजार आबादी को लाभ होगा।

लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट लागू किया। लेकिन गुरुग्राम को स्मार्ट नहीं स्मार्टेस्ट सिटी बनाया जाएगा। हम सन् 2031 तक की गुरुग्राम की 42 लाख की अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं बना रहे हैं ताकि लोगों को भविष्य में भी कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है उनसे गुरुग्राम शहर में हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन क्षेत्र जाम मुक्त हो जाएगा। इसी प्रकार, गुरुग्राम को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इनमें से कई परियोजनाएं इसी साल पूरी हो जाएंगी। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक पर 47 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा फलाईओवर 30 जून तक पूरा होगा और लगभग 25.5 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे राव महावीर चौक के सुधारीकरण का कार्य भी जुलाई अंत तक पूरा किया जाएगा। इसी प्रकार, लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक पर भी युद्धस्तर पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम जिला के वजीराबाद गांव में भव्य खेल परिसर बनाने की भी घोषणा की जिसका नाम पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राव बिरेन्द्र सिंह के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वजीराबाद का यह खेल परिसर लगभग 11 एकड़ भूमि पर बनेगा और इस पर लगभग 212 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही इसकी आधारशिला रखकर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भव्य खेल परिसर में मल्टीपर्पज हॉल, इंडोर गेम्स के लिए भी व्यवस्था होगी। इसके अलावा, 18 खेलों की फैकल्टी यहां पर उपलब्ध करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वजीराबाद का यह खेल परिसर खिलाड़ियों के लिए आधुनिकतम स्थान बनेगा जहां पर खेलों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गांव वजीराबाद में चिन्हित राव बिरेन्द्र सिंह खेल परिसर स्थल को देखने भी गए। वहां पर उन्होंने नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके पर ही खेल परिसर का नक्शा देखा और वहां उपलब्ध करवाई जाने वाली खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Vivek Rai