दीपावली पर मुख्यमंत्री के ऐतिहासिक मरोग दौरा ने कई आयाम किए स्थापित: तरुण भंडारी

10/25/2022 6:12:06 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण भंडारी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री ने समय-समय पर कई ऐसे उदाहरण पेश किए हैं, जहां आज आम आदमी इन्हें अपना दुख दर्द का साथी मानने लगा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश के विभिन्न क्षेत्रों में दौरों के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के रोकने के बावजूद आम जनमानस में आम व्यक्ति की तरह बर्ताव करते देखे गए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच भी समय-समय पर लोगों को प्रभावित करने पर मजबूर करती रही है। हाल ही में दीपावली पर्व पर मोरनी क्षेत्र के गांव मरोग के एक स्कूल में मनाने का फैसला एक बार बेशक हर व्यक्ति को अजीब लगा हो, लेकिन इसकी गहराई को समझने और जानने के बाद लोगों में यह दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल हरियाणा का अति पिछड़ा यह क्षेत्र हमेशा राजनीतिज्ञों की अनदेखी का शिकार रहा है। 

 

तरुण भंडारी का कहना है कि बड़े-बड़े नेता इस क्षेत्र से हमेशा इस बात को लेकर परहेज करते रहे कि यहां आने जाने का सही रास्ता नहीं, इन नेताओं ने कभी इस विचार को बुलंद नहीं किया कि यहां रास्ते बना दिए जाएं। लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं- नीतियों का लाभ पहुंचाने की दिशा में यह भी एक बेहतर कदम है। क्योंकि सरकारी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने वाले नेता सरकारी हेलीकॉप्टरों में घूमकर केवल अपने  रोजमर्रा के जीवन को आसान  करते  देखे गए हैं  वहीं इनसे अलग मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस बार भी इन अति दुर्गम कीचड़ से लथपथ- भयंकर जलभराव वाले- खतरनाक रास्तों पर जाने का फैसला गाड़ी से जाने का फैसला किया ना कि हेलीकॉप्टर से। हालांकि हेलीकॉप्टर से यह आवागमन बेहद आसान और कम समय में किया जा सकता था, लेकिन मुख्यमंत्री इस दौरे से अधिकारियों के लिए कड़ा संदेश और आम जनमानस के लिए बेहद सकारात्मक संदेश छोड़ना चाहते थे। अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को इस रास्ते के उपयोग ना करने को लेकर कई परेशानियों से भी रूबरू करवाया लेकिन मुख्यमंत्री अपनी बात पर अडिग रहे और मजबूरन सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों को इसी रूट की रूपरेखा तैयार करनी पड़ी।

 

मुख्यमंत्री का लक्ष्य है अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक खुशियां पहुंचाना : तरुण भंडारी

 

इस दौरे को लेकर पंचकूला क्षेत्र से भाजपा के बेहद वरिष्ठ नेता तरुण भंडारी ने बातचीत के दौरान कहा कि पुराने मुख्यमंत्रियों का इतिहास सभी प्रदेशवासियों को मालूम है कि नजदीक के दौरों पर भी वह हेलीकॉप्टर का प्रयोग करने से बाज नहीं आते थे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी इसी क्रम में शामिल हैं।लेकिन उच्च विचारों से सादा जीवन जीने वाले हमारे मुख्यमंत्री मनोहर लाल का लक्ष्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना है। हर अंतिम व्यक्ति तक खुशियां पहुंचाना है और उन्हें उनके पैरों पर खड़ा करना है। इस दौरे से यह सुनिश्चित हुआ है कि अब विकास इनसे दूर नहीं है और मुख्यमंत्री की दिली इच्छा वह अवश्य पूरी करते हैं। दीपावली सबके लिए खुशियों का त्योहार है। जिस गांव में राजनीतिक लोग वोट मांगने भी नहीं पहुंचते थे, वहां पहुंचने में बेशक खतरनाक रास्ता होने के कारण एक घंटा लगा, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपना प्रोग्राम गाड़ियों से इन दुर्गम रास्तों से ही जाने का कार्यक्रम तैयार करवाया। भंडारी ने बताया कि मोरनी भी विकास की गति में अन्य क्षेत्रों से पीछे नहीं है। लगातार मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों पर इस क्षेत्र में काम हुए हैं। पहले कभी किसी मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र की ओर ध्यान नहीं दिया। मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों पर ही मोरनी को पर्यटन स्थल बनाने को लेकर यहां वाटर स्पोर्ट जैसे कार्यक्रम शुरू हुए। आज दिल्ली -मुंबई से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। लोगों को व्यवसाय मिलने लगा है। लोगों में खुशी की लहर है। सरकार की अच्छी नीतियों के कारण आज यहां जमीन की कीमतों ने आसमान को छुआ है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan