“झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम करती है कांग्रेस...” विजय संकल्प रैली में सीएम ने साधा निशाना

4/21/2024 1:39:01 PM

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़): बहादुरगढ़ की सब्जी मंडी में भाजपा की विजय संकल्प रैली का आयोजन हुआ। हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस पर सीएम ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 55-60 साल में जो कांग्रेस देश में गरीबी कम नहीं कर पाई। वो अब कैसे एक झटके में गरीबी कम कर देगी।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के इस झूठ से लोगों को बचाना चाहिए। उनका कहना है कि कांग्रेस झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर नल योजना के तहत स्वच्छ जल पहुंचाने का काम किया है। स्वामित्व योजना के तहत मालिकाना हक लोगों को दिया गया है।

दबंगों को सीएम ने दी चेतावनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने व्यापारियों को लगातार मिल रही धमकी और सुरक्षा पर भी मंच से दबंगों को चेतावनी दी। उनका कहना है कि दबंगईयों की दबंगी अब प्रदेश में नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने दबंगों को कहा कि या तो दबंगी छोड़ दो या फिर बुरा अंजाम भुगतना होगा। अपने इस बयान से लगातार फिरौती और धमकियों से चिंतित व्यापारियों को भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साधने का काम किया है।

किसानों के खाते में जा रहे 2 लाख रुपए: सीएम

साथ ही मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजबूत करने का काम किया है। 2 लाख करोड़ रुपए किसानों खाते में सीधे दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर भी जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा के कार्यकाल में किसानों को दो रुपए के चेक मिलते थे। जबकि मनोहर सरकार ने करोड़ों रुपए किसानों को खराब फसल का मुआवजा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को बढ़ाने का काम कर रही है जबकि मोदी सरकार बनने के बाद विकास की गति बढ़ी है।

सभी लोकसभा सीटों पर जीत का दावा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने का दावा किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर घर जाकर लोगों को साधने का काम करें। ताकि भाजपा की जीत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में 10 साल के दौरान सबका विकास किया है और योजनाबद्ध में तरीके से गरीबों को लाभ पहुंचाने का काम किया है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

Content Editor

Nitish Jamwal