यमुना के पानी को बचाने के लिए सीएम ने केंद्र व दिल्ली सरकार से किया आग्रह

6/6/2018 8:03:10 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गंगा बचाओंं अभियान की तरह ही यमुना के पानी को बचाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए केंद्र और दिल्ली सरकार से आग्रह किया गया है।मुख्मयंत्री ने यह जानकारी दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जून को दुनियाभर में पर्यावरण दिवस मनाया जाता है और इस बार भारत देश यू.एन.ओ. में होस्ट देश है। पर्यावरण दिवस का थीम बीट द प्लास्टिक पॉल्यूशन है। पर्यावरण को देखते हुए हरियाणा सरकार ने 5 सूत्रीय कार्यक्रम लागू किया है जिसके अंतर्गत सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थी अपने-अपने घर, बाहर या आस-पास के स्थान पर एक-एक पौधा अपने हाथों से लगाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पानी खुले में बहता है उसे रोकने के लिए प्रदेश में पर्याप्त नल उपलब्ध करवाए जाएंगे। 

वहीं, केंद्र द्वारा भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड के संदर्भ में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की नीति को सर्वाधिक प्राथमिकता दी जाएगी। भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड में हरियाणा के सदस्य की नियुक्ति भी यथाशीघ्र की जाएगी। हरियाणा के लिए पर्याप्त पेयजल व सिंचाई जल उपलब्ध करवाने की दिशा में भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड के संदर्भ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आर.के. सिंह के साथ बैठक की। 

बैठक में मुख्यमंत्री ने हरियाणा प्रदेश क्षेत्र के लिए पेयजल व सिचाई जल की आवश्यकता के दृष्टिगत भाखडा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड के संदर्भ मे विभिन्न विषयों की वस्तुस्थियों के बारे में केंद्र को अवगत करवाया। केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने बताया कि पानी कम आने और सिंचाई के लिए पानी छोडऩे के कारण पानी का स्तर डैड लैवल के पास पहुंच गया है।
 

Rakhi Yadav