सी.एम. ने राजस्थान को दिया प्रदेश के हिस्से का पानी : तंवर

6/25/2018 9:31:05 AM

जींद:  कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश में लोग पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं और सी.एम. मनोहर लाल ने प्रदेश के हिस्से का नहरी पानी राजस्थान को दे दिया है। तंवर जींद की जाट धर्मशाला में कांग्रेस के किसान-मजदूर सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि राजस्थान में इसी साल दिसम्बर में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों में वहां की भाजपा सरकार को फायदा पहुंचाने के लिए मनोहर लाल ने हरियाणा के हिस्से का नहरी पानी राजस्थान को दे दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसान और मजदूर की हालत बहुत दयनीय है। आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता इसके लिए भाजपा को पराजित कर कांग्रेस को सत्ता सौंपने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि उनकी साइकिल का पहिया सुदर्शन चक्र की तरह है। जब यह पहिया सुभाष बराला के विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगा तो भाजपा का सफाया सुदर्शन चक्र की तरह कर देगा। उन्होंने बहादुरगढ़ तक मैट्रो रेल सेवा के उद्घाटन पर कहा कि यह मैट्रो सेवा कांग्रेस की देन है।

Rakhi Yadav