कर्मचारियों की सरकार को चेतावनी, मांगे नहीं मानी तो सीएम आवास का करेंगे घेराव

6/28/2018 2:13:47 PM

रेवाड़ी(मोहिंद्र भारती): रेवाड़ी में अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है।   कर्मचारियों द्वारा एक के बाद एक करके किए गए धरना प्रदर्शन के बाद उन्होंने आज सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले जेल भरों आंदोलन करते हुए गिरफ्तारियां दी। 

साथ ही चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आने वाली 16 जुलाई को वो सीएम आवास का घेराव करेंगे। इस दौरान सभी विभागों के कर्मचारी शहर के नेहरू पार्क में एकत्र हुए और वहां से प्रदर्शन करते हुए जिला सचिवालय पहुंचे।

जहां उन्होंने न केवल जोरदार प्रदर्शन किया, बल्कि सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। 

कर्मचारियों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन द्वारा जिला सचिवालय पर पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वो अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सिवाय आश्वासन के आज तक उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा।

पंचकूला(उमंग श्योराण):  पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट की तरफ से पक्के कर्मचारियों को कच्चा करने के आदेशों के बाद कर्मचारी संघ प्रदेश की सरकार के विरोध में सड़कों पर उतर गए है। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी पंचकूला जिला सचिवालय पहुचें और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर अपनी अपनी गिरफ्तारियां सौंपी। 

Rakhi Yadav