ट्रिनिटी विकास और प्रभावी तालमेल के लिए सीएम ने केंद्रीय गृहमंत्री को लिखा पत्र

7/10/2018 11:58:06 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा व पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के साथ लगते हरियाणा के शहर पंचकूला और पंजाब के शहर एस.ए.एस. नगर/ मोहाली के विकास और प्रभावी तालमेल के लिए वैधानिक रूप से सशक्त प्राधिकरण सृजित करने की जरूरत है। सीएम ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को एक पत्र लिखा है। 

सीएम ने इस प्रस्ताव को पंजाब के मुख्यमंत्री तथा चंडीगढ़ यू.टी. के प्रशासक के साथ भी सांझा किया है। उन्होंने चंडीगढ़ के साथ लगते हरियाणा के शहर पंचकूला और पंजाब के शहर एस.ए.एस. नगर/ मोहाली के विकास और प्रभावी तालमेल हेतु एक वैधानिक प्राधिकरण या बोर्ड सृजित करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड अधिनियम 1985 और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण अधिनियम 2017 समस्त ट्रिनिटी क्षेत्र के संतुलित विकास के साथ-साथ त्वरित व सतत विजन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुरूआती बिंदुओं को आधुनिक ढांचे के साथ मुहैया करवा सकता है। उन्होंने कहा कि यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि इस कार्य के लिए केंद्र सरकार की पर्याप्त वित्तीय सहायता की भी जरूरत होगी।

Rakhi Yadav