सी.एम.ओ. में बदलाव का खाका तैयार!

11/19/2019 10:38:03 AM

चंडीगढ़  (बंसल/ पांडेय) : अब मुख्यमंत्री कार्यालय (सी.एम.ओ.) में अफसरशाही व राजनीतिक नियुक्तियों का खाका तैयार हो गया है। उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो इसी सप्ताह मुख्यमंत्री कार्यालय में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां हो जाएंगी। इनमें पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का राजनीतिक सलाहकार बनाया जा सकता है,जबकि मुख्यमंत्री के पिं्रसीपल ओ.एस.डी. नीरज दफ्तुआर को दोबारा कमान मिलना तय है।

फरीदाबाद के भाजपा नेता अजय गौड़ को इस बार मुख्यमंत्री कार्यालय में ओ.एस.डी.बनाने की चर्चाएं हैं। गौड़ के आने से 2 पुराने ओ.एस.डी. की छुट्टी हो सकती है। ट्रांसफर का काम देखने वाले एच.सी.एस. अफसर ओ.एस.डी. अमरजीत को दोबारा मौका मिल सकता है। इन सबके बीच अफसरशाही में खास बदलाव नहीं होगा लेकिन उपमुख्यमंत्री के साथ एक वरिष्ठ आई.ए.एस. अफसर को पिं्रसीपल सैक्रेटरी लगाया जा सकता है।

कैबिनेट विस्तार के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्तियों की जोर-आजमाइश शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव व उप-प्रधान सचिवों के कार्यक्षेत्र में बदलाव नहीं होगा लेकिन उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को जल्द ही एक प्रधान सचिव मिल जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. व सलाहकारों की नियुक्तियों की बात करें तो नीरज दफ्तुआर पहले की तरह से इस बार भी पिं्रसीपल ओ.एस.डी. पद पर बने रहेंगे। नए ओ.एस.डी. के तौर पर अजय गौड़ की एंट्री हो रही है। बताया गया कि गौड़ को मुख्यमंत्री निवास की जिम्मेदारी दी जाएगी,जो लंबे समय से मुख्यमंत्री के साथ काम कर रहे हैं। राजनीतिक सलाहकार के तौर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर का नाम लगभग तय है। ग्रोवर विधानसभा चुनाव हार गए हैं। वह मुख्यमंत्री के बेहद नजदीकी हैं और उनको सलाहकार बनाकर पार्टी व सरकार रोहतक क्षेत्र की भरपाई का प्रयास करना चाहती है,क्योंकि सरकार में रोहतक को कोई प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है।  मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार को लेकर भी कई नाम चर्चाओं में हैं,जिनमें पूर्व मीडिया सलाहकार अमित आर्य और राजीव जैन शामिल हैं। अमित आर्य लंबे समय से दिल्ली का काम देख रहे हैं। फिलहाल, मुख्यमंत्री दोनों में से किसको चंडीगढ़ की कमान सौंपते हैं,यह देखने वाली बात होगी। चर्चाओं की मानें तो दोबारा अमित आर्य की एंट्री लगभग फाइनल है।

राज्यसभा की 2 रिक्त सीटों में अभिमन्यु हो सकते हैं दावेदार 
भाजपा के खेमे में अब राज्यसभा की रिक्त सीटों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इन 2 सीटों में एक सीट जजपा के खाते में और एक सीट भाजपा के खाते में आएगी,जबकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा का कार्यकाल अप्रैल 2020 में पूरा हो रहा है,जिस पर कांग्रेस की दावेदारी मजबूत है। भाजपा के खाते में आने वाली सीट को लेकर कई महारथी जोर-आजमाइश कर रहे हैं, जिनमें पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का नाम तय माना जा रहा है। 

नए गृह सचिव और डी.पी.आर. की होगी तैनाती 
नई सरकार में तमाम बदलाव के बीच अब अगले महीने प्रदेश को नया गृह सचिव और डी.पी.आर. भी मिल जाएगा। मौजूदा गृह सचिव नवराज संधू का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है। डी.पी.आर. समीरपाल सरो को भी 3 महीने की मिली एक्सटैंशन नवम्बर में पूरी हो रही है। ऐसे में अफसरशाही के तबादले में इन दो अहम पदों पर नए अफसरों की तैनाती की जाएगी।

Isha