ठंड ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन

12/20/2019 10:33:08 AM

भिवानी (वजीर) : बृहस्पतिवार को भी क्षेत्र में कोहरे की मार रही। हालत यह रही कि पूरे दिन ही सूर्य देव दर्शन नहीं दिए। सूर्यदेव पर कोहरा हावी दिखाई दिया। कभी कभार ही कोहरे से सूर्यदेव नजर आए लेकिन वातावरण में घना कोहरा छाने के चलते सूर्यदेव की चमक कोहरे के सामने फीकी नजर आई। कोहरे ने जहां ठंड को बढ़ाने का काम किया वहीं जनजीवन भी काफी प्रभावित रहा। कोहरे की मार से बचने के लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। जरुरी कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले।

इसके चलते कस्बे के बाजार व गलियां काफी सुनी नजर आई। कोहरे की मार से दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित रहा। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन भी हैडलाइट जलाकर रेंगते नजर आए। इससे वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चे भी कोहरे की मार को झेलते हुए स्कूलों में पहुंचे। स्कूलों में भी वातावरण काफी ठंडा होने के चलते बच्चों को काफी ठंड झेलनी पड़ी।

अभिभावकों ने ठंड के बढऩे के चलते स्कूलों के अवकाश घोषित करने की मांग की है। जीव जंतु व पशु पक्षी भी कोहरे की मार से बचने के लिए पेड़ों की टहनियों पर ही दुबके रहे। खंड कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया का वातावरण में नमी के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। तापमान में आई गिरावट रबी की फसलों के पोषण के लिए काफी मददगार साबित होगा। उन्होंने बताया कि हालांकि किसान बागवानी की फसलों में हलका पानी दे सकते हैं।

Isha