शीत लहर से ठिठुरा शहर, कोहरे से बढ़ी परेशानी

12/31/2019 10:46:31 AM

भिवानी (वजीर) : माह के अंत मेंं भिवानी और आस-पास के क्षेत्र घने कोहरे व ठिठुरन की चपेट में हैं। आज सुबह शहर सफेदी की चादर में लिपटा था और हाथ-पांव ठिठुरन की जकडऩ में थे। लगातार एक पखवाड़े से शहर व आस-पास के क्षेत्रों में गहरे कोहरे व सर्दी का कहर जारी है। सोमवार को कोहरे के कारण वाहनों की गति पर लगाम लग गई। वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। ठंडी हवाओं के कारण तापमान 1.7 डिग्री पर टिक गया। ठंड के बढऩे और घने कोहरे के कारण के जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह अपने काम पर निकलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

सड़क पर चलने वाले वाहनों ने अपने सफर को जारी रखने लिए लाइट और पार्किंग लाइटों का सहारा लिया। इसके कारण वाहन सड़क पर रेंगते दिखाई दिए। एक ओर जहां कोहरा किसानों की रबी की फसल के लिए वरदान साबित हो रहा है क्योंकि रबी की फसल को नमी की आवश्यकता होती है। घने कोहरे से किसानों की फसलों को जरूर फायदा हुआ है। वहीं घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित दिखाई दिया। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा है। उन्हें दिन में भी अपने वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है ताकि सामने से आने वाले वाहन न भटकें। कामगारों को भी काफी दिक्कतें आई हैं।

कृषि अधिकारी ने बताया कोहरे के कारण किसानों की अगेती फसलों को काफी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अगर दिन में सूर्य देव चमक दिखाएंगे तो दिन का तापमान बढ़ जाएगा। इससे रबी की फसलें प्रभावित होंगी परंतु सोमवार और मंगलवार को कोहरे से तापमान में गिरावट रहेगी। कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान सोमवार को 1.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया है। 

वहीं यातायात पुलिस प्रभारी सुभाष चंद ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और वाहनों की लाइट जलाकर रखें। साथ ही इंडिकेटर का प्रयोग करें। ओवरलोडिड वाहन चालक अपने वाहनों को रिफ्लैक्टर लगवाएं और रात को डिपर का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि वाहन चालक कोहरे के दौरान अपनी गति को नियंत्रित रखें और सीट बैल्ट का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने वाहन चालकों से आह्वान किया कि वे गहरे कोहरे से निकलते वक्त और उनका प्रयोग भी करें ताकि सामने से आने वाले वाहन चालक सतर्क हो जाएं।

इतना ही नहीं ठंड से बचने के लिए पशु भी अलाव का सहारा लेते देखे गए। हालांकि सरकार द्वारा बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। इसके चलते स्कूली बच्चों को तो आज ठंड से राहत मिली क्योंकि वे सारा दिन ही घरों मे ही दुबके रहे। ठंड की मार का असर बाजार में भी दिखाई दिया। लगातार गिरते तापमान के चलते बाजारों में भी ग्राहकों की कमी दिखाई दी। खंड कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि तापमान में नमी व कोहरा फिलहाल रबी की फसलों के लिए लाभदायक है। अगर लगातार वातावरण ऐसा ही बना तो आगे चलकर फसलों को भी नुक्सान हो सकता है। हालांकि सब्जी की फसलों पर कोहरे की मार का असर दिखने लगा है।

Isha