सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, शिमला से ठंडा हुआ हिसार

11/25/2017 11:30:08 AM

हिसार:हिसार में मौसम परिवर्तन के चलते और सर्द हवाएं चलने से रात्रि तापमान में निरंतर गिरावट आ रही है। वीरवार रात्रि की बात करें तो हिसार का पारा शिमला से भी नीचे पहुंच गया था। यह रात्रि पारा 6.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष 2012 के बाद सबसे कम तापमान है। वैसे नवम्बर माह की बात करें तो वर्ष 1962 में 29 तारीख को रात्रि पारा 2.5 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया था। पहाड़ी क्षेत्रों में पड़ रही बर्फबारी से उत्तर भारत ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम के बदले इस मिजाज से सुबह और शाम के वक्त ठंड का ज्यादा प्रकोप देखने को मिल रहा है। हालांकि दोपहर के वक्त ठंड का इतना प्रकोप नहीं है।

रात्रि तापमान 4 दिनों से सामान्य से नीचे चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सर्द हवाएं चलने से हुए मौसम परिवर्तन के कारण रात्रि तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो वीरवार की रात्रि नवम्बर माह में मौसम की सबसे बर्फीली रही। हिसार का तापमान शिमला के तापमान से भी कम रहा। शिमला में जहां 6.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया वहीं हिसार में यह 6.1 डिग्री सैल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार पिछले एक सप्ताह से रात्रि तापमान में गिरावट आ रही है। यह तापमान 8 डिग्री सैल्सियस से नीचे चल रहा है। अब 6.1 डिग्री सैल्सियस तापमान सामान्य से 5 डिग्री सैल्सियस नीचे है। दोपहर का तापमान 27.0 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

अगले 2 दिनों के दौरान मौसम में परिवर्तन बना रहेगा। इस दौरान हवाएं तेज चलने से रात्रि तापमान में गिरावट बनी रहेगी। पंजाब और हरियाणा के अधिकतर इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। पंजाब का आदमपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों राज्यों और उनकी सांझी राजधानी चंडीगढ़ में पिछले कुछ सप्ताह में न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री नीचे रहा और अन्य इलाकों में भी आज तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

नवम्बर माह में सबसे कम पारा 
वर्ष    पारा    (तारीख)
2016    7.9    (29)
2015    8.4    (30)
2014    6.8    (25)
2013    6.3    (17)
2012    6.1    (28)
1962    2.5    (29)