फ्लाईओवर की दीवारों पर भरेंगे भारतीय संस्कृति का रंग, प्रतियोगिता में लाखों का इनाम

1/9/2018 3:06:06 PM

फरीदाबाद(देवेंद्र कौशिक): अभी तक आपने कलाकारों की हुनर को कैनवस पर ही देखा होगा। लेकिन फरीदाबाद में पहली बार फ्लाईओवर की दीवारों को रंगने के लिए अनोखी ड्राइंग प्रतियोगिता में देखने को मिलेगी। नगर निगम द्वारा इस प्रतियोगिता का उद्देश्य फ्लाईओवर की दीवारों पर भारतीय संस्कृति की झलक प्रदर्शित करना है। प्रतियोगिता के विजेता को लाखों का इनाम भी दिए जाने का प्रावधान है।



14 जनवरी को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से कलाकारों की 100 टीम एक साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने फरीदाबाद फ्लाईओवर की दीवारों को भारतीय संस्कृति के रंगों से भरेंगे। इतना ही नहीं इस प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागियों को नगर निगम की तरफ से तीन लाख रुपए तक का इनाम भी दिया जाएगा। साथ ही इस पल को यादगार बनाने के लिए कलाकार फ्लाईओवर की दीवार पर अपने हाथ के पंजो की छाप छोड़ेंगे।

फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद
शहर में इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए किया जा रहा है। जिसमें आर्टिस्ट अलग-अलग टीम बनाकर फ्लाईओवर को एक नई पहचान देंगे। जिसमें ना केवल भारतीय संस्कृति की पेंटिंग बनाई जाएगी बल्कि शादी के मौके पर घर में हाथों से लगने वाले शुभ थापे की तर्ज पर शहर के लोग भी अपने हाथ के पंजों की छाप लगाएंगे।



प्रतिभागियों को मिलेगा 3 लाख का इनाम
सिटी मजिस्ट्रेट कुमारी बेलिना का कहना है कि इस ड्राइंग प्रतियोगिता में भारतीय संस्कृति से जुड़ी कलाकृति दीवारों पर उकेरी जाएगी। साथ ही इस कॉन्टेस्ट को जीतने वाले प्रतिभागी को 3 लाख रूपए का इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। 



भारतीय होने पर होगा गर्व
इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहरवासियों को भारतीय संस्कृति की झलक तो देखने को मिलेगी ही साथ ही कलाकृतियों को देख कर उन्हें अपने भारतीय होने पर भी गर्व महसूस होगा। फ्लाईओवर पर बनी ये ड्राइंग वहां से होकर गुजरने वाले टूरिस्ट और विदेशियों का मन मोहने में काफी कारगर साबित होगी।