कुरुक्षेत्र से जींद तक रेल लाइन पर विद्युतीकरण का कार्य पूरा

1/4/2019 10:14:46 AM

कुरुक्षेत्र(खुंगर): कुरुक्षेत्र को रेलवे विभाग ने तोहफा दिया है। विभागीय जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र से जींद तक की रेल लाइन पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है। अब शीघ्र ही कुरुक्षेत्र-जींद रेल लाइन पर इलैक्ट्रिक ट्रेनें दौडऩे लगेंगी। बताया जाता कि इस रेल लाइन को लेकर 4 जनवरी को सी.आर.एस. (कमिश्नर रेलवे सेफ्टी) निरीक्षण करेंगे। इस दौरान डी.आर.एम. आर.एन. सिंह, डिप्टी चीफ इंजीनियर प्रदीप सिंह सिंधु व विद्युतीकरण कार्यालय मुख्य अधीक्षक सुधीर हुड्डा भी मौजूद रहेंगे। विभागीय जानकारी के अनुसार सी.आर.एस. के निरीक्षण में यदि सब सही पाया गया तो इस रेल लाइन पर इलैक्ट्रिक ट्रेन चलाने को हरी झंडी मिल जाएगी। कुरुक्षेत्र-कैथल-जींद रेलमार्ग पर पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों को 3 घंटे का सफर करना पड़ता है लेकिन इलैक्ट्रिक ट्रेन में अढ़ाई घंटे में कुरुक्षेत्र से जींद पहुंचा जा सकेगा।

यात्रियों को पैसेंजर में आधे और सुपरफास्ट ट्रेन में लगभग पौने घंटे की बचत होगी। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने कुरुक्षेत्र से नरवाना रेलमार्ग के विद्युतीकरण का कार्य पिछले साल 4 जनवरी को शुरू किया था। इसके लिए रेलवे ने फरवरी, 2019 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था लेकिन रेलवे ने तेजगति से कार्य करते हुए दिसम्बर, 2018 तक ही पूरा कर दिया। इस लाइन के विद्युतीकरण करने पर रेलवे ने 70 करोड़ की राशि खर्च की है जिसमें 40 करोड़ रुपए पोल खड़े करने व तार खींचने पर खर्च किए। बाकी कलायत, सजूमा, कैथल, टीक, पिंडारसी, थानेसर में सब-स्टेशन बनाने तथा अन्य कार्यों में लगाए हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुरुक्षेत्र से जींद रेल लाइन पर फिलहाल रेलगाडिय़ों के 12 चक्कर हैं। इनमें आने-जाने का 1-1 चक्कर कुरुक्षेत्र से दिल्ली डी.एम.यू., जयपुर इंटरसिटी गाड़ी का है।

कुरुक्षेत्र से जींद वाया कैथल 4-4 चक्कर पैसेंजर गाडिय़ों के हैं। रोजाना 20 से 22 हजार यात्री इन गाडिय़ों में सफर कर रहे हैं। कुरुक्षेत्र से जींद नियमित रूप से अप-डाऊन करने वाले सामाजिक संस्था वी विद यू के पदाधिकारी प्रमोद बंसल, अशोक गर्ग, संजीव गर्ग, राधेश्याम अरोड़ा तथा प्राध्यापक केवल कृष्ण ने कहा कि इस मार्ग पर अब राजस्थान, उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड आने जाने वालों को भी आसानी होगी।

Deepak Paul