जेजेपी पार्टी के गठन का एक साल पूरा, दुष्यंत चौटाला ने जनता का जताया आभार

12/9/2019 9:46:48 AM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा में आज जन जननायक जनता पार्टी के गठन का एक साल पूरा हो गया। इस एक साल में पार्टी मेें काफी कुछ हासिल किया है। बता दें कि इनेलो से अलग होने के बाद दुष्यंत चौटाला ने पिछले वर्ष 9 दिसंबर को जींद में जननायक जनता पार्टी नाम से नई पार्टी का गठन किया था। पार्टी का मुख्यालय नई दिल्ली स्थित 18 जनपथ को बनाया गया है। एक साल पूरा होने पर दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की जनता का अभार व्यक्त किया है। 

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि युगपुरुष चौधरी देवी लाल द्वारा दिखाए संघर्ष और समर्पण की राह पर चलते हुए आज जननायक जनता पार्टी ने अपना पहला साल पूरा कर लिया। इस एक साल में कितने ही उतार-चढ़ाव हम सब ने देखे। इसी एक साल के समय में 2 चुनाव, 1 उपचुनाव की चुनौती का सामना किया और इसी एक साल में सबसे कम समय में प्रदेश की राजनीति में स्थापित होने वाली पार्टी का दर्जा भी हासिल किया। 

उन्होंने कहा कि यह समय चुनौतियों से भरपूर रहा, लेकिन हमें प्यार भी भरपूर मिला। आज के दिन मैं अपने पूरे संगठन की ओर से पार्टी के एक-एक वर्कर का, हर एक समर्थक का, हर वोटर का, हर आलोचक का और प्रदेश की पौने तीन करोड़ जनता का आभार व्यक्त करता हूं। जिन्होंने हम पर विश्वास जताया और हमारा साथ दिया। सभी का कोटि कोटि धन्यवाद। पार्टी से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों, नेताओं को स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। 

Edited By

vinod kumar