प्रद्युमन मर्डर केस में आया नया मोड़, बयान से पलटा कंडक्टर

9/17/2017 12:22:32 PM

गुड़गांव:मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की ओर से शुक्रवार को सी.बी.आई. जांच की घोषणा से प्रद्युमन हत्याकांड की जांच ने नया मोड़ ले लिया है। शुरूआती जांच में पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही है। ऐसे में बस कंडक्टर अशोक जोकि इस हत्या का मुख्यारोपी है, उसने पुलिस पर आरोप लगाया कि उसे जबरन टॉर्चर कर अपराध कबूल करवाया गया। उसने इस मामले में खुद को निर्दाेष बताया है। अशोक ने बताया कि खून से लथपथ प्रद्युमन को उठाने के लिए प्रिंसीपल और वहां खड़े एक लंबे युवक ने कहा था, जोकि चश्मा पहने था। उस समय मौके पर प्रिंसीपल सहित 2 मैडम, प्रिंसीपल की कार का चालक और एक अन्य व्यक्ति मौजूद था।

सूत्रों के अनुसार अशोक ने यह सारी बात मिलने गए वकील मोहित वर्मा को बताई। उसने कहा कि पुलिस उसे टॉर्चर करती है और हिरासत के दौरान उसे नशे का इंजैक्शन देती है। रोहतक निवासी वकील मोहित वर्मा ने वीरवार को भोंडसी जिला जेल में जाकर अशोक से बात की थी। मोहित वर्मा ने कहा कि अशोक ने उन्हें बताया है कि उसने हत्या नहीं की है। पुलिस ने उससे कहा था कि वह उसे मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर रहे हैं। हत्या का आरोपी पकड़ा जा चुका है। मारपीट के केस में 2-3 दिन बाद जमानत मिल जाएगी। अशोक के वकील के अनुसार हिरासत में लेने के बाद अशोक को बुरी तरह से पीटा भी गया। इस दौरान 2 इंजैक्शन भी दिए गए। जब उसने पूछा कि इंजैक्शन क्यों दे रहे हो तो उसकी तबीयत खराब होने का हवाला दिया। मोहित का कहना है कि इंजैक्शन के बाद अशोक मानसिक संतुलन में नहीं था। उसने कहा कि अशोक अनपढ़ है। पुलिस ने नशे की हालत में उससे कई कोरे कागजों पर अंगूठे लगवा लिए हैं। उसके अंगूठों को डिस्पोजल किया गया है। उसे जबरन मामले में फंसाया गया है।