मुख्यमंत्री आवास पर हुआ मिड्ढा का अभिनंदन समारोह

2/6/2019 10:11:41 AM

चंडीगढ़(बंसल): जींद से नवनिर्वाचित विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा का अभिनंदन समारोह मुख्यमंत्री आवास पर हुआ। मुख्यमंत्री की गैर-मौजूदगी में हुए इस समारोह में प्रदेश के अधिकांश मंत्रियों ने शिरकत की। विधानसभा सचिवालय में आज मिड्ढा की विधायक पद की शपथ होनी थी लेकिन एक कानूनी खामी के चलते नहीं हो पाई। यह शपथ अब बुधवार को होगी। समारोह में प्रो. रामबिलास शर्मा, कै. अभिमन्यु,  कृष्ण लाल पंवार, सुभाष बराला, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन व जींद विधानसभा क्षेत्र के काफी लोग शामिल हुए। मंत्रियों ने लोगों से कहा कि इस जीत से जींद के लोगों ने स्व. डा. हरिचंद मिड्ढा को सच्ची श्रद्धांजलि देकर राजनीतिक जागरूकता का परिचय दिया है। इस अवसर पर इनैलो के श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष विद्यानंद लाम्बा, राधेश्याम जुलाना, अशोक व जगदीश आहुजा ने अपनी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। 

भाजपा प्रवक्ता आक्रामक रुख अपनाएं : बराला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने मीडिया से संबंधित नेताओं व पदाधिकारियों का आह्वान किया कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ विपक्षी दलों के दुष्प्रचार का करारा जवाब देने के लिए आक्रामक रुख अपनाएं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी व गुरुग्राम विधायक उमेश अग्रवाल के अनुसार पंचकूला में भाजपा प्रदेश प्रवक्ताओं, जिला मीडिया प्रभारियों, टी.वी. पैनलिस्ट और मीडिया सह प्रभारियों सहित पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए बराला ने कहा कि लोकसभा व हरियाणा विधानसभा चुनावों में अब ज्यादा समय बाकी नहीं रह गया है। हरियाणा में विपक्ष भाजपा का किसी भी तरह से मुकाबला करने की स्थिति में नहीं है। नगर निगम चुनाव में 5 मेयर और जींद उप-चुनाव में पार्टी की एकतरफा जीत से यह स्पष्ट हो चुका है।
 

Deepak Paul