विधानसभा में गन्ना लेकर पहुंची कांग्रेस, सीएम ने कहा रोज-रोज न लाएं नई चीजें (VIDEO)

3/7/2018 3:49:33 PM

चंडीगढ़(धरणी): विधानसभा में बजट सत्र का तीसरा दिन भी हंगामेदार रहा, विधानसभा में आज कांग्रेसी गन्ना लेकर पहुंचे। जिसपर मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि अगर कांग्रेस को इतना ही शौक है तो सभी चीजों को एक साथ भेजें अलग-अलग ना भेजें कल पकौड़ा लेकर आए थे, आज गन्ने लेकर आए और गन्ना भी ऐसा लेकर आए जो बिल्कुल कमजोर था, पता नहीं कहां से उठा कर लाया। वहीं कृषिमंत्री ओपी धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस गन्ने को लेकर राजनीति कर रही है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि  कांग्रेस चीजों का मान सम्मान करना सीखें इन्हें गंभीर होकर विधानसभा सत्र में भाग लेना चाहिए। इस वक्त हरियाणा में गन्ना के किसानों को सबसे ज्यादा अधिक मूल्य मिल रहा है। जहां जरूरत होगी वहां बढ़ाया जाएगा। जैसे-जैसे गन्ने की पैदावार बढ़ रही है। पिछली बार से इस बार गन्ने की फसल में बढ़ोतरी हुई है। इनेलो की रैली को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा लोकतांत्रिक देश में सबको अधिकार है।

कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस गन्ने को लेकर राजनीति कर रही है। आज हरियाणा के किसानों को गन्ने में 10% से अधिक मूल्य मिल रहा है। हमारी सरकार आने के बाद गन्ने का मूल्य दोगुना हुआ है। गन्ने के मामले में हरियाणा सरकार अन्य प्रदेशों के मुकाबले सबसे अच्छी चल रही है। सोनीपत पानीपत करनाल इन सब की क्षमता बढ़ा रहे हैं।