कांग्रेस गठबंधन के शगूफा की तेलंगाना में निकली हवा : जैन

12/13/2018 10:42:22 AM

 

हिसार(योगेन्द्र): भाजपा हरियाणा प्रभारी अनिल जैन कहा कि कांग्रेस गठबंधन को लेकर जो शगूफा छोड़ रहा था उसकी तेलंगाना विधानसभा में हवा निकल गई। रही बात 5 राज्यों के चुनाव परिणाम का नगर निगम चुनाव में असर का तो इसका कोई भी असर हरियाणा में नहीं होगा। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का पूर्वोत्तर से एक राज्य चला गया। हालांकि उसने छत्तीसगढ़ जीता है और राजस्थान,मध्यप्रदेश में भाजपा का कोई नुक्सान नहीं हुआ।

अनिल जैन ने कहा कि हम सिंबल पर खुलकर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस ने तो चुनाव से पहले ही पराजय स्वीकार कर ली है। इसी के चलते वह बैकडोर से चुनाव लड़ते हुए बिना सिंबल के मैदान में है। डेरा समर्थकों को मनाने का काम करेंगे भाजपा नेता राम रहीम के साथ हुए बर्ताव को लेकर उनके अनुयायी आज भी भाजपा सरकार से नाराज हैं। इसी के चलते वह निकाय चुनाव में भाजपा के खिलाफ लामबंदी कर रहे हैं। अनिल जैन ने कहा कि हम सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रहे हैं। रही बात राम रहीम अनुयायियों की तो उनसे भी बातचीत कर उनकी नाराजगी दूर करेंगे।

Deepak Paul