कांग्रेस हर मौके पर करती है नकारात्मक राजनीति : विज

7/31/2020 1:00:46 PM

चंडीगढ़ (धरणी) : विश्व का सबसे हाईटैक फाइटर प्लेन राफेल हिन्दुस्तान की धरती पर अम्बाला छावनी पहुंच गया है। लोगों के साथ-साथ प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज भी काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही नकारात्मक राजनीति की है। हर उस मौके पर जब देश का सीना चौड़ा करने का समय होता है सिर ऊंचा उठाने का वक्त होता है, कांग्रेस देश में भ्रांति फैलाने की कोशिश करती है। कांग्रेस की सोच ही इस प्रकार की है। गृहमंत्री अनिल विज ने ‘पंजाब केसरी’ से राफेल को लेकर कुछ विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के कुछ अंश-

प्रश्न : भारत को 5 राफेल मिले हैं जिन्हें अम्बाला एयरबेस में शामिल किया है। इसे किस रूप में देखते हैं?
उत्तर :
एयरफोर्स को इससे बहुत मजबूती मिलेगी। यह सभी सैन्य सुविधाओं से सम्पन्न एयरक्राफ्ट है। कोई भी दुश्मन देश की सीमा में झांकने की सोच भी नहीं सकेगा।

प्रश्न : 1962, 65 और 71 के चीन-पाक युद्धों में अम्बाला का बहुत बड़ा महत्वपूर्ण रोल रहा है?
उत्तर:
अम्बाला देश का एक बहुत महत्वपूर्ण एयरबेस है। जगुआर का स्क्वाड्रन भी यहीं पर आया था। 1965 और 71 के युद्धों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही तथा राफेल के आने से ताकत दोगुनी हो गई है।

प्रश्न : चाइना ने एक और कमांडर स्तर की बातचीत की बात कही है। इसे क्या मानेंगे मोदी की नीतियों का असर या राफेल का डर?
उत्तर :
यह मोदी की नीतियों और उनकी गर्जना का असर है, उनका डर है। मोदी दोस्त के सच्चे दोस्त हैं और दुश्मनों को भी सबक सिखाना जानते हैं। 

प्रश्न : क्या भारत में चीनी सामान का बहिष्कार संभव है ?
उत्तर :
लोगों ने चाइना का बहिष्कार दिल से कर दिया है। प्रदेश सरकार ने चाइनीज कम्पनियों के बड़े-बड़े कॉन्ट्रैक्ट रद्द किए हैं। कोरोना का जिम्मेदार चीन आज सीमा पर हमें आंख दिखा रहा है। हमारी सेना चीन की हर हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।     

Edited By

Manisha rana