कांग्रेस का मुंह पहले ही कोयले की दलाली में काला, काले कपड़े पहनने की क्या जरूरत: कटारिया

8/7/2022 4:02:20 PM

यमुनानगर(सुमित): भाजपा सांसद रत्न लाल कटारिया ने एक बार फिर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस द्वारा ईडी को बीजेपी का तोता बताने पर कटारिया ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर  निशाना साधा। गृह मंत्री विज की तरह सांसद कटारिया ने भी लागा चुनरी में दाग गीत की पंक्तियां गाकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस नेताओं द्वारा काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करने पर कटारिया ने कहा कि उनका मुंह तो कोयले की दलाली में पहले ही काला है। उन्हें काले कपड़े पहनने की क्या जरूरत है। वही उन्होंने एक पुराना किस्सा याद करते हुए पूर्व की कांग्रेस सरकार पर व्यंग किया। इसी के साथ 1977 में इंदिरा गांधी की सरकार में बिजली की किल्लत को लेकर भी रत्न लाल कटारिया ने एक गाना गाया।

 

कटारिया बोले कांग्रेस को यूपीए की सरकार के दौरान लूटी गई मलाई याद आ रही

 

अम्बाला से लोकसभा सांसद रत्न लाल कटारिया रविवार को यमुनानगर पहुंचे थे, जहां उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक दिन पहले हम तिरंगा यात्रा निकालकर संसद पहुंचे,  तो मैंने देखा कि संसद के बाहर सोनिया गांधी और फ्यूज बल्ब राहुल गांधी भी काले कपड़े पहनकर खड़े थे। इस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को काले कपड़े पहनने की क्या जरूरत है। इनका मुंह तो पहले ही कोयले की दलाली में काला है। कटारिया ने कहा कि यूपीए शासनकाल के दौरान कांग्रेस वालों ने देश को जमकर लूटा था। आज कांग्रेस को वही मलाई याद आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले हर रोज प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हर रोज जहरीला प्रचार करते हैं।

 

पीएम मोदी ने 20 साल जांच का किया सामना, फिर कांग्रेस को क्या परेशानी- कटारिया

 

कांग्रेस नेताओं द्वारा ईडी को बीजेपी का तोता कहने पर कटारिया बोले कि उनके शासनकाल में सीबीआई सरकार का तोता था क्या। मोदी जी ने कौन सा अपराध किया था, जो 20 साल तक उनके ऊपर शिकंजा कस के रखा। सोनिया गांधी ने नरेंद्र मोदी को हवालात में डालने के लिए हर हथकंडा अपनाया। लेकिन उनके पास कोई सबूत नहीं था। ना ही मोदी जी ने कोई ऐसा काम किया, जिससे उनके खिलाफ कोई मामला बनता। सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी उन्हें क्लीन चिट दे दी गई है। जब हमारे नेताओं ने जांच का सामना किया तो फिर कांग्रेस वालों को जांच में सहयोग करने में क्या तकलीफ है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan