कांग्रेस डूबती नैया, सिर्फ परिवारवाद को बढ़ावा दिया : गिरिराज

8/17/2019 9:39:20 AM

हिसार(ब्यूरो): पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक डूबती नैया है। इस पार्टी ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया है। पहले मां ने बेटे को और अब बेटे ने मां को पार्टी का अध्यक्ष मनोनीत किया है। कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह यहां विश्वविद्यालय सहित अन्य फार्मों के दौरे पर आए हुए थे। 

इस दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू ने जानबूझकर कश्मीर की समस्या पैदा की थी। हमारा पड़ोसी देश आतंकवाद में उलझा रहता है। अनुच्छेद 370 व 35ए हटाने पर कश्मीर के लोग खुश हैं। सिर्फ  3 परिवारों को खुशी नहीं है, जिन्होंने कश्मीर को पिछले 70 सालों में लूटा है। 

अब भारत का कश्मीर दुनिया का स्विट्जरलैंड बनेगा। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने कश्मीरियों को भड़काने की कोशिश की लेकिन वहां पर स्थिति सामान्य है।  राममंदिर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जनमानस व हिन्दुओं के मन में है कि राम मंदिर बने लेकिन यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायालय भी जनमानस व हिन्दुओं की भावनाओं की कद्र करेगा। राज्य मंत्री संजीव बाल्याण ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की आय बढ़ाने के लिए नए-नए प्रोजैक्ट लगाए जा रहे हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। 

Isha